59 बेसहारा बच्चों की शिक्षा से लेकर भविष्य निर्माण तक की जिम्मेदारी निभाएगा ‘विजय सेवा न्यास’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने स्कूल फीस के चेक किए वितरित
बैतूल/भोपाल, 19 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने शुक्रवार को बैतूल के रामकृष्ण बगिया में ‘विजय सेवा न्यास’ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 42 बेसहारा परिवारों के 59 बच्चों की शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण पहल करते हुए उनकी स्कूल फीस के चेक संबंधित विद्यालयों के संचालकों एवं प्राचार्यों को सौंपे। इस अवसर पर बच्चों को शैक्षणिक सामग्री के लिए दो-दो हजार रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पूर्व सांसद स्वर्गीय विजय कुमार खण्डेलवाल की स्मृति में संचालित ‘विजय सेवा न्यास’ केवल बच्चों की शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके समग्र विकास और भविष्य निर्माण की जिम्मेदारी भी निभा रहा है। उन्होंने कहा कि न्यास द्वारा गोद लिए गए 59 बेसहारा बच्चों की पढ़ाई, मार्गदर्शन और भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार की दिशा में भी आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विजय सेवा न्यास का उद्देश्य बेसहारा बच्चों को शिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन के योग्य बनाना है। यह अभियान स्वर्गीय विजय खण्डेलवाल के सेवा, संवेदना और समर्पण के मूल्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास है।
बच्चों के साथ परिवारों को भी आर्थिक संबल
प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने बताया कि विजय सेवा न्यास केवल बच्चों की शिक्षा का खर्च ही नहीं उठा रहा, बल्कि उनकी देखभाल करने वाले अभिभावकों और परिजनों को भी आर्थिक सहायता प्रदान कर रहा है। कार्यक्रम में बच्चों की देखरेख कर रहे अभिभावकों को 20-20 हजार रुपये तथा शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के परिजनों को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। उन्होंने कहा कि किसी बच्चे के उज्ज्वल भविष्य के लिए उसके परिवार का सशक्त और आत्मनिर्भर होना भी आवश्यक है। इसी सोच के साथ न्यास विभिन्न प्रकल्पों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को रोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है।
सेवा और संवेदना की विरासत को आगे बढ़ा रहा परिवार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि स्वर्गीय विजय कुमार खण्डेलवाल ने राजनीति को सेवा का सशक्त माध्यम बनाया था। उनके निधन के बाद खण्डेलवाल परिवार ने उनके आदर्शों और सेवा-भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से विजय सेवा न्यास की स्थापना की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में न्यास ने 41 बच्चों की शिक्षा का दायित्व संभाला था, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 59 हो गई है। उन्होंने कहा कि “बेसहारा को सहारा” प्रकल्प के अंतर्गत उन बच्चों को संरक्षण दिया जा रहा है जिन्होंने दुर्घटना या अन्य कारणों से अपने माता-पिता अथवा अभिभावकों को खो दिया है। न्यास ऐसे बच्चों के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास जगाने का कार्य कर रहा है।
समाज के सहयोग से आगे बढ़ रहा अभियान
खण्डेलवाल ने कहा कि बच्चों को उनकी रुचि और सुविधा के अनुरूप विद्यालयों में प्रवेश दिलाया गया है तथा उनकी शिक्षा में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समाज के सहयोग और सहभागिता से यह अभियान और अधिक प्रभावी होगा तथा अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों तक सहायता पहुंचाई जा सकेगी। कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, विधायक चंद्रशेखर देशमुख, महेन्द्र सिंह चौहान, प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक योगेश पंडाग्रे तथा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार ने भी संबोधित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे