भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने बैतूल के श्रद्धालुओं के सड़क हादसे में निधन पर जताया शोक
भोपाल, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने राजस्थान प्रदेश के कोटा जिले के सीमलिया के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसे में बैतूल के आठ श्रद्धालुओं के निधन पर शोक व्यक्त किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि बैतूल के आठ श्रद्धालुओं के दुखद निधन एवं अन्य श्रद्धालुओं के घायल होने की घटना अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदयविदारक है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने हादसे की जानकारी मिलते ही मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मुख्य सचिव से चर्चा कर घटना की स्थिति तथा पीड़ितों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मध्य प्रदेश सरकार राजस्थान शासन एवं प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाकर पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा घायलों के समुचित उपचार एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रयास किए जा रहे हैं।
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि दुःख और संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। राजस्थान प्रशासन के साथ समन्वय कर प्रभावित परिवारों एवं घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए दिवंगत श्रद्धालुओं की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने दुर्घटना में घायल सभी श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे