भोपाल में तेज आंधी-बारिश बिजली सप्लाई नेटवर्क ठप, कई इलाकों में 6 घंटे से बिजली गुल

 


भोपाल, 04 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार शाम करीब 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चली और तेज बारिश हुई। आंधी का सबसे ज्यादा असर बिजली व्यवस्था पर पड़ा। करीब 300 बिजली फीडर पूर्ण या आंशिक रूप से प्रभावित हुए हैं। कई इलाकों में 6 घंटे से ज्यादा समय से बिजली आपूर्ति बाधित है। बिजली कंपनी की टीमें फॉल्ट सुधारने और सप्लाई बहाल करने में जुटी हैं।

बिजली कटौती के बीच उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज कराने में भी परेशानी हुई। कई लोगों ने बताया कि बिजली कंपनी के हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल नहीं लग रही थी या नंबर लगातार व्यस्त मिल रहे थे। इससे बिजली आपूर्ति से जुड़ी जानकारी हासिल करना मुश्किल हो गया।

भोपाल में गुरुवार शाम को चली तेज हवा के कारण शहर में 200 से अधिक स्थानों पर पेड़ और टहनियां गिर गईं। इससे कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने गुरुवार की रात शहर के विभिन्न स्थानों पर पहुँचकर आँधी-अँधड़ से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को अतिशीघ्र विद्युत प्रवाह शुरू करने के लिये अधिकारियों को निर्देशित किया है।

मंत्री तोमर ने बताया कि तेज आँधी और वर्षा से विद्युत प्रदाय में व्यापक व्यवधान और हानि पहुँची है। भोपाल शहर में लगभग 300 फीडर पूर्ण या आंशिक रूप से प्रभावित हुए हैं। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी की टीम मैदान में कार्य कर रही है। सभी स्थानों पर यथाशीघ्र विद्युत प्रवाह शुरू करने युद्ध स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर