नवतपा के पहले दिन उमरिया में झमाझम बारिश, भीषण गर्मी से मिली राहत

 


उमरिया, 25 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में नवतपा की शुरुआत सोमवार को मौसम के बदले मिजाज के साथ हुई। नवतपा के पहले ही दिन जिले में गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिली।

सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा बना रहा और दोपहर बाद तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और तपती गर्मी से परेशान लोगों ने राहत महसूस की, हालांकि मौसम के इस बदले स्वरूप को लेकर लोगों के बीच अलग-अलग चर्चाएं भी होती रहीं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नवतपा के दौरान लगातार बारिश होती रही तो उमस बढ़ सकती है और डायरिया जैसी मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। वहीं परंपरागत मान्यताओं के अनुसार नवतपा में तेज गर्मी पड़ने से वातावरण में मौजूद कई हानिकारक जीवाणु और वायरस नष्ट हो जाते हैं, जिससे मौसम शुद्ध और स्वच्छ बनता है।

ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के बीच भी नवतपा की बारिश को लेकर चर्चा रही। कई किसानों का मानना है कि नवतपा के दौरान यदि समय-समय पर बारिश होती है तो आने वाला मानसून बेहतर रहता है, जबकि नवतपा के खंडित होने को कमजोर बारिश का संकेत माना जाता है।

फिलहाल नवतपा के पहले दिन हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत जरूर दी है। आगे मौसम का रुख कैसा रहेगा, यह आने वाले दिनों में ही साफ हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्‍द्र त्रिपाठी