उमरिया में रातभर हुई मूसलाधार बारिश, जनजीवन अस्त-व्यस्त, पुल-पुलिया बहे

 


उमरिया, 16 अगस्त (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के उमरिया जिले में शनिवार रातभर हुई मूसलाधार बारिश से रविवार सुबह जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया । भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर पुल-पुलिया बह गए और गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क टूट गया। कई बस्तियों और घरों में पानी भर गया। नदी-नाले उफान पर होने के कारण आवागमन भी बाधित रहा।

जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर मानपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बरतराई में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनाई गई सड़क और पुल तेज बारिश में बह गए। इससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है।

वहीं, उमरिया जिला मुख्यालय स्थित विनायक टाउन के पीछे बने घरों में करीब दो से ढाई फीट पानी भर गया। जलभराव के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कुछ परिवारों को सुरक्षित स्थान के लिए दूसरे लोगों के घरों में शरण लेनी पड़ी।

नगर के वार्ड क्रमांक आठ स्थित पुराना पड़ाव से नैगमा टोला जाने वाले मार्ग पर उमरार नदी पर बना पुल भी बारिश के तेज बहाव में बह गया। चपहा नाला के आसपास भी स्थिति गंभीर रही। नाले और खेतों में पानी लबालब भर जाने से दोनों के बीच अंतर करना मुश्किल हो गया। तेज बहाव के कारण किसानों की धान की फसल को भी नुकसान पहुंचा है।

रातभर बिजली बंद रहने के कारण कई लोगों के मोबाइल फोन डिस्चार्ज हो गए, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से संपर्क नहीं हो सका। पानी कम होने के बाद अब प्रभावित गांवों से नुकसान की जानकारी सामने आने लगी है। अभी भी कई दूरस्थ गांवों से पूरी जानकारी नहीं मिल सकी है।

जिला प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का पता लगाने में जुटा हुआ है। प्रशासन की ओर से लोगों को लगातार सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। विशेष रूप से नदी-नालों और पुलों पर पानी का तेज बहाव होने की स्थिति में उन्हें पार नहीं करने की हिदायत दी गई है। कलेक्टर भी जिले में बारिश और जलभराव की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्‍द्र त्रिपाठी