उज्जैन में सोशल मीडिया पर इलाज करने वाले डॉक्टर का अस्पताल सील, 8 क्लिनिक पर भी हुई कार्रवाई

 


- फर्जी डॉक्टरों और चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने चलाया अभियान

उज्जैन, 23 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फर्जी डॉक्टरों और अवैध रूप से चल रहे चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है। इस दौरान सोशल मीडिया के जरिए 'अल्ट्रा-आधुनिक' तरीके से मरीजों का एलोपैथिक इलाज करने वाले एक आयुर्वेदिक डॉक्टर के अस्पताल को सील कर दिया गया। हालांकि कुछ ही देर बाद डॉक्टर ने दोबारा ताला खोल लिया, जिसके बाद शनिवार को जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य टीम ने दोबारा दबिश देकर अस्पताल को फिर से सील किया।

जांच टीम में शामिल डॉ. विक्रम रघुवंशी ने बताया कि जिला स्वास्थ्य अधिकारी एके पटेल के निर्देशन में बड़नगर के ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान खरसोद कला में संचालित 'वेदांता अस्पताल' में भारी अनियमितताएं पाई गईं। यहाँ के मुख्य डॉक्टर संदीप यादव के पास केवल आयुर्वेदिक डिग्री थी, लेकिन वे धड़ल्ले से मरीजों का एलोपैथिक (अंग्रेजी) पद्धति से इलाज कर रहे थे। जांच में खुलासा हुआ कि डॉक्टर संदीप यादव फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए भी मरीजों को ऑनलाइन इलाज की पर्चियां और सलाह बांट रहे थे। अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ मौजूद थी और जांच के दौरान वहां से बड़ी मात्रा में अमानक दवाइयां भी बरामद की गईं।

स्वास्थ्य विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से पूरे बड़नगर क्षेत्र के फर्जी डॉक्टरों में हड़कंप मच गया है। शुक्रवार से शुरू हुए इस अभियान के तहत बिना रजिस्ट्रेशन, अमान्य डिग्रियों और गंभीर लापरवाही के साथ मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वाले एक मेडिकल स्टोर, एक पैथोलॉजी लैब, एक निजी अस्पताल और 8 क्लीनिकों को पूरी तरह सील कर दिया गया है।

प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जिन संस्थानों को अवैध संचालन के चलते सील किया गया है, उनमें आरोग्यम क्लीनिक (ग्राम खरसौद खुर्द), वेदांता अस्पताल (खरसौदकलां), देवकमल पॉली क्लीनिक और विशेष पैथोलॉजी (खरसौद कलां), जय अम्बे पॉली क्लीनिक, सिसोदिया क्लीनिक (चिरोलाकला), संजीवनी अस्पताल (रुनिजा), सरोज मेडिकल स्टोर (चंद्रशेखर आजाद चौक, बड़नगर), डॉ. दीपांकर क्लीनिक (आजाद चौक, बड़नगर), महाकाल क्लीनिक (व्यास कॉलोनी), आरोग्य क्लीनिक (माली मोहल्ला) शामिल है।

इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में डॉ. सोमेश प्रदीप, डॉ. विक्रम रघुवंशी, मेडिकल ऑफिसर सुयश श्रीवास्तव और विकास राजपूत मुख्य रूप से शामिल रहे। वहीं, आजाद चौक स्थित डॉ. दीपांकर क्लीनिक पर कार्रवाई के दौरान बड़नगर एसडीएम धीरेंद्र पाराशर भी स्वयं मौके पर मुस्तैद रहे। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि ग्रामीण इलाकों में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले ऐसे तत्वों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत