जबलपुरः हृदय रोग से पीड़ित 8 दिन की नवजात बालिका को एयर एम्बुलेंस से मुंबई भेजा गया
जबलपुर, 21 मई (हि.स.)। शहडोल जिले की 8 दिन की नवजात बालिका आयुषी रुक्मणी दहिया, जो गंभीर जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित है, को बेहतर उपचार के लिए गुरुवार शाम एयर एम्बुलेंस के माध्यम से मुंबई स्थित नारायणा हॉस्पिटल भेजा गया।
बालिका के परिजनों ने जबलपुर के आरबीएसके प्रबंधक सुभाष शुक्ला से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल मेडिकल कॉलेज जबलपुर के पीडियाट्रिक हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप जैन से समन्वय स्थापित कर बच्ची की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। साथ ही शहडोल जिले की आरबीएसके प्रबंधक कंचन पटेल एवं मुंबई के नारायणा हॉस्पिटल से संपर्क कर उपचार और एयरलिफ्ट की आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई गई।
मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना एवं पीएमजेएवाई के अंतर्गत समन्वय स्थापित करते हुए 21 मई 2026 को शाम 4 बजे एयर एम्बुलेंस के जरिए बालिका को सुरक्षित रूप से मुंबई रवाना किया गया।
इस दौरान जबलपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीता उप्पल, डीईआईएम सुभाष शुक्ला, श्रीया अवस्थी, विकास श्रीवास्तव तथा आरबीएसके टीम के धवल त्रिवेदी एयरपोर्ट पर मौजूद रहे और परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान की। बालिका के परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग एवं आरबीएसके टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक