अनूपपुर: दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत, पांच घायल
अनूपपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में शनिवार- रविवार की रात रामपुर ओपन कास्ट माइंस के पुलिया के पास दो पहिया वाहनों की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद 5 घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के बाद रामपुर खदान के सुरक्षा गार्डों ने मदद से एंबुलेंस से पहुंचाया, जहां घायलों का इलाज किया गया।
हादसे में 2 घायलों के सिर में गंभीर चोट आई है। उन्हें चार से पांच टांके लगाए गए। 2 लोगों को अंदरूनी चोटें के साथ हल्की चोटें लगी हैं। हादसे में एक किशोरी को भी मामूली चोट आई है, उसकी हालत ठीक बताई गई है। घायलों में 22 वर्षीय तेजलाल कोल, 25 वर्षीय उदय कुमार रौतेल और 38 वर्षीय ज्ञान चंद्र पटेल इनके अलावा किशोरी नीलम सिंह और एक अधेड़ व्यक्ति घायल हुए हैं।
घायलों के अनुसार तेजलाल कोल बाइक चला रहा था। उनके साथ उदय, नीलम और एक अधेड़ व्यक्ति सवार थे। तेजलाल अपने ससुराल लतार गांव से केशवाही मार्ग होते हुए गिरवा गांव में अपने साढ़ू भाई के यहां जा रहे थे। रामपुर खदान के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई।
दूसरी बाइक पर ज्ञान चंद्र पटेल सवार था। वह रामपुर ओपन माइंस में जय अम्बे कंपनी के सुरक्षा गार्ड हैं। जो अपने घर कोदैली से खदान जा रहा था। बताया गया है कि पहली बाइक पर सवार लोगों ने शराब पी थी। बाइक तेज रफ्तार में होने की भी बात सामने आई है। पुलिया के पास हल्के मोड़ पर दोनों बाइक आमने-सामने टकरा गईं। हालांकि, इन दावों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
जिला अस्पताल पुलिस चौकी को हादसे की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर रही है। बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला