अनूपपुर: दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत, चार घायल, तीन की हालत गंभीर

 


अनूपपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में अनूपपुर-राजेंद्रग्राम मार्ग पर बुधवार की दोपहर जमुड़ी गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो में चार लोग घायल हो गये, इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि एक को मामूली चोटें आई हैं।

घटना के समय वहां से गुजर रहे एक निजी बैंक के शाखा प्रबंधक विपेंद्र चतुर्वेदी ने अपनी कार से सभी घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार गंभीर घायलों के सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।

हादसे में राजेंद्रग्राम निवासी 20 वर्षीय रवि रैदास के जबड़े की हड्डी टूट गई। वहीं अनूपपुर निवासी 25 वर्षीय कुणाल विश्वकर्मा और कर्राटोला निवासी 23 वर्षीय रामायण सिंह के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। बसंत लाल को हाथ और पैर में हल्की चोट लगी है।

घायल बसंत लाल ने बताया कि वह रवि रैदास के साथ बाइक से राजेंद्रग्राम लौट रहे थे। जमुड़ी तिराहे के पास ताराडांड की ओर से तेज रफ्तार में गलत दिशा से आई एक बाइक उनकी बाइक से टकरा गई। टक्कर के बाद वह सड़क पर दूर जा गिरे, जबकि रवि रैदास गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक भी घायल हुए।

कुणाल विश्वकर्मा के परिजनों के अनुसार वह अपने दोस्त रामायण सिंह के साथ राजेंद्रग्राम जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला