मंदसौरः दो मोटर साइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत, दो युवक गंभीर घायल
मंदसौर, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के बूढ़ा में गुरुवार रात 2 मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों के शरीर से काफी खून बह गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अलग-अलग अस्पतालों में रेफर किया गया। एक घायल को अहमदाबाद और दूसरे को रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक, पीर गुराड़िया निवासी चेतन पिता कचरूलाल (22) बूढ़ा से अपने गांव लौट रहे थे। वहीं, बूढ़ा निवासी तस्लीम पिता हमीद मंसूरी (52) बाजार से घर जा रहे थे। इसी दौरान नई आबादी क्षेत्र में बालाजी मंदिर के पास दोनों की मोटरसाइकिलों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद दोनों घायल सड़क पर खून से लथपथ पड़े थे। लोगों ने उन्हें तुरंत बूढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर दोनों को मंदसौर रेफर किया गया। तस्लीम को परिजन मंदसौर के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अहमदाबाद रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, चेतन को मंदसौर जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
हादसे में चेतन के हाथ, चेहरे, सिर और पैर में चोटें आई हैं। उनके चेहरे पर करीब 10 टांके लगाए गए हैं। वहीं, तस्लीम के सिर, कान, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। चेतन के पिता कचरूलाल ने बताया कि उनका बेटा मजदूरी करता है। गुरुवार को भी वह काम पर गया था। रात में घर नहीं पहुंचा तो गांव के लोगों ने हादसे की सूचना दी। इसके बाद वे बूढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और बेटे को लेकर मंदसौर जिला अस्पताल आए। तस्लीम मकान बनाने का काम करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया