हरदा में तेज रफ्तार डंपर ने रेलवे कर्मचारियों की बोलेरो को मारी टक्कर, पांच घायल
हरदा, 20 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के हरदा जिले के छीपाबड़ थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने रेलवे कर्मचारियों से भरी बोलेरो वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो चालक समेत रेलवे के पांच कर्मचारी घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल हरदा और रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 11 बजे ग्राम बारंगी स्थित बस स्टैंड के पास हुआ। रेलवे टेक्नीशियन संतोष दुबे ने बताया कि वे अपने तीन साथियों और एक हेल्पर के साथ हरदा रेलवे स्टेशन से विद्युत सामग्री लेकर खिरकिया स्टेशन जा रहे थे, जहां केबल बिछाने का कार्य किया जाना था। बारंगी बस स्टैंड पर एक यात्री बस सवारियां चढ़ाने-उतारने के लिए रुकी हुई थी। बोलेरो वाहन भी बस के पीछे खड़ा था। इसी दौरान मसनगांव की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बोलेरो पहले बस से टकराई और फिर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी।
चालक के पैर में फ्रैक्चर, चार अन्य घायल
हादसे में बोलेरो चालक राधाशरण सांखला (26) गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर में फ्रैक्चर बताया गया है। वहीं रेलवे टेक्नीशियन राजेंद्र जाट (34), लेखपाल माहौर (27), संतोष दुबे (37) और हेल्पर रामदास (59) को भी चोटें आई हैं। घायलों में राधाशरण और राजेंद्र का उपचार जिला अस्पताल हरदा में चल रहा है, जबकि संतोष, लेखपाल और रामदास को रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है तथा आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे