हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं कार्यकर्ता : हेमंत खण्डेलवाल
बैतूल/भोपाल, 08 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने शनिवार को बैतूल स्थित भाजपा जिला कार्यालय ‘विजय भवन’ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को केवल पार्टी का कार्यक्रम न बनाकर जन-जन का अभियान बनाया जाए और समाज के प्रत्येक वर्ग की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्र के प्रति नागरिकों के समर्पण और गौरव की भावना को और मजबूत करने का अवसर है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर देशभर में चलाए जा रहे इस अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपने दायित्व को व्यक्त करने का अवसर मिल रहा है।
तिरंगा यात्रा में पूर्व सैनिकों और प्रबुद्धजनों को करें शामिल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली तिरंगा यात्राओं में पूर्व सैनिकों, समाज के प्रभावी व्यक्तित्वों और प्रबुद्धजनों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रबुद्धजनों के नेतृत्व में तिरंगा यात्राएं आयोजित करने से कार्यक्रम की भव्यता के साथ उसकी गरिमा भी बनी रहेगी।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्राओं में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी शामिल होते हैं, इसलिए आयोजकों को बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना चाहिए और सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना चाहिए।
हर बूथ के हर घर तक पहुंचे तिरंगा
प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए। हर बूथ के प्रत्येक घर और परिवार को अभियान से जोड़ने के साथ समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। आज तिरंगा दुनिया में भारत की बढ़ती शक्ति, सामर्थ्य और आत्मविश्वास का प्रतीक बन चुका है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाए।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर में तिरंगा फहराकर हम राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा, गौरव और समर्पण की भावना को अभिव्यक्त करें।
बैतूल बाजार मंडल में भी कार्यकर्ताओं की बैठक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने बैतूल बाजार मंडल में भी पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर शक्ति केंद्र प्रभारियों एवं संयोजकों की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी लेते हुए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक को प्रदेश शासन के मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, जिला प्रभारी एवं पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता तथा भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार ने भी संबोधित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे