हनुमान प्राकट्योत्सव: मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सागर से राहतगढ़ तक की पूजा-अर्चना, सुख-समृद्धि की कामना

 


सागर, 02 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने गुरुवार को हनुमान प्राकट्योत्सव के पावन अवसर पर सागर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित धार्मिक उत्सवों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने भगवान बजरंगबली की विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेश और क्षेत्र की जनता के लिए सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।

मंत्री राजपूत ने अपने प्रवास की शुरुआत सागर स्थित श्री बालाजी मंदिर धर्माश्री से की, जहाँ उन्होंने हनुमान जी के दर्शन कर आरती की। इसके पश्चात वे ग्राम सीहोरा पहुंचे, जहाँ हनुमान प्राकट्योत्सव के उपलक्ष्य में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई थी। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। मंत्री ने इस दौरान आमजन के साथ मिलकर धर्म लाभ लिया और भक्तिमय माहौल में सभी का अभिवादन किया।

सागर के लक्ष्मीपुरा वार्ड स्थित श्री सिद्ध देव सिद्धेश्वर चम्पाबाग में आयोजित चल समारोह में शामिल होते हुए मंत्री राजपूत ने आयोजकों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हनुमान जी त्याग, सेवा और पराक्रम की प्रतिमूर्ति हैं। ऐसे आयोजन न केवल हमारी आस्था को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि समाज में एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को भी मजबूती प्रदान करते हैं। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में समर्पित होना चाहिए।

दिन भर के कार्यक्रमों के बाद शाम को मंत्री राजपूत श्री सिद्ध क्षेत्र लखेरा धाम, राहतगढ़ पहुंचे। यहाँ उन्होंने हनुमान जी की भव्य महाआरती में भाग लिया। महाआरती के दौरान समूचा क्षेत्र 'जय श्री राम' और 'जय हनुमान' के जयघोष से गुंजायमान रहा। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

कार्यक्रमों के दौरान मीडिया और जनता को संबोधित करते हुए मंत्री श्री राजपूत ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सेवा और सुशासन के मंत्र पर चल रही है। गरीब, किसान, महिला और युवाओं के उत्थान के लिए संचालित योजनाएं सीधे जनता तक पहुँच रही हैं, जिससे प्रदेश प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

इन धार्मिक आयोजनों में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, विधायक शैलेंद्र जैन, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, नेवी जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे