मैहर में भीषण गर्मी का असर: पारा 43 डिग्री पार, कक्षा 1 से 5 तक स्कूलों में 30 अप्रैल तक अवकाश

 


मैहर, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिले में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने के बाद कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने कक्षा 1 से 5 तक के सभी शासकीय और निजी विद्यालयों में 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश घोषित किया है।

जारी आदेश के अनुसार यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। प्रशासन ने कहा है कि तेज गर्मी, लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का खतरा छोटे बच्चों पर अधिक रहता है, इसलिए प्राथमिक कक्षाओं का संचालन अस्थायी रूप से स्थगित किया गया है।

यह आदेश जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, सीबीएसई तथा अन्य मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा।

वहीं कक्षा 6वीं से 12वीं तक की कक्षाएं निर्धारित समयानुसार संचालित होंगी, लेकिन समय में बदलाव किया गया है। इन कक्षाओं का संचालन सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किया जाएगा, ताकि विद्यार्थी तेज धूप से पहले घर लौट सकें।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी शिक्षकों की विद्यालय में उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। शिक्षक नियमित शैक्षणिक कार्य करेंगे तथा पूर्व निर्धारित परीक्षाएं एवं अन्य गतिविधियां तय समय-सारणी के अनुसार आयोजित की जाएंगी।

यह आदेश 21 अप्रैल 2026 से प्रभावशील माना जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी शिक्षा अधिकारियों, प्राचार्यों और स्कूल प्रबंधन समितियों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी