ग्वालियरः जिले में सात और जरूरतमंद महिलायें बनी “शक्ति दीदी”, कलेक्टर ने पट्रोल पंप पर पहुँचकर बढ़ाया हौसला

 


- अब तक 92 महिलाओं को मिली है फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी

ग्वालियर, 06 दिसम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप महिला सशक्तिकरण के लिये शक्ति दीदी के नाम से प्रेरणादायी पहल हुई है। इस पहल के तहत जरूरतमंद महिलाओं को पेट्रोल पंपों पर फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में जिला प्रशासन द्वारा नौकरी दिलाई जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को सात जरूरतमंद महिलाएं “शक्ति दीदी” बनी हैं। कलेक्टर रुचिका चौहान ने प्रात: 11.30 बजे पिंटो पार्क तिराहा के पास स्थित ग्वालियर एनर्जी स्टेशन पेट्रोल पंप पर सुनीता व राजकली कुशवाह को शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपी।

इसी तरह संयुक्त कलेक्टर विनोद सिंह रायरू स्थित इन्द्रा ऑटो पेट्रोल पंप पर अंजली, संयुक्त कलेक्टरजूही गर्ग लक्ष्मीगंज स्थित हरीलीला सर्विसेज पेट्रोल पंप पर राधा शाक्य व सुनीता यादव, संयुक्त कलेक्टर सुरेश बरहादिया भिण्ड रोड गोले का मंदिर स्थित शारदा ऑटोमोबाइल पेट्रोल पंप पर उमा ओझा को एवं डिप्टी कलेक्टर मनीषा कौल डीबी सिटी के सामने स्थित सांई हरीलीला पेट्रोल पंप पर नीलम बाथम को शक्ति दीदी के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी दिलवाई।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिले की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिये निरंतर प्रयास करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। शहरी क्षेत्र में कम्पू क्षेत्र, हुरावली क्षेत्र एवं गोला का मंदिर क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर जरूरतमंद महिलाओं को फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में रोजगार उपलब्ध कराए जाने के लिये जरूरतमंद महिलाओं से महिला एवं बाल विकास विभाग एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर अपना आवेदन प्रस्तुत करने का भी आग्रह किया है।

ग्वालियर जिले में महिला सशक्तिकरण के लिए शक्ति दीदी के रूप में की गई पहल अब रंग ला रही है। जिले में 92 महिलाओं को फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में रोजगार से जोड़ा गया है। महिला फ्यूल वर्कर के रूप में तैनात शक्ति दीदी की ड्यूटी की अवधि प्रात: 9 बजे से सायंकाल 5 बजे तक रहेगी। जिले में जनवरी तक 100 महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर