ग्वालियरः सचिन तेंदुलकर मार्ग का 7.13 करोड़ की लागत से होगा उन्नयनीकरण, सांसद ने किया भूमिपूजन
शहर में बड़े-बड़े विकास कार्य ले रहे हैं मूर्तरूपः सांसद कुशवाह
ग्वालियर, 22 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सचिन तेंदुलकर मार्ग का 7.13 करोड़ रुपये की लागत से उन्नयनीकरण होगा। रविवार को क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह ने सचिन तेंदुलकर मार्ग के उन्नयीकरण कार्य के भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर सांसद कुशवाह ने कहा कि ग्वालियर शहर में बड़े-बड़े विकास कार्य मूर्तरूप ले रहे हैं। विकास के इस क्रम को थमने नहीं दिया जायेगा। भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार, नगर निगम सभापति मनोज तोमर व उप सभापति गिर्राज कंषाना, पार्षद केदार सिंह, पूर्व पार्षद मेहताब सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधीगण मंचासीन थे।
सांसद कुशवाह ने कहा कि ग्वालियर पूर्व विधानसभा सहित ग्वालियर शहर में विभिन्न क्षेत्रो में विकास के नये आयाम लिखे जा रहे हैं। इसी कड़ी में सचिन तेंदुलकर मार्ग का उन्नयन कर इसे एक बेहतर और गुणवत्ता युक्त सड़क के रूप में तैयार किया जा रहा है। यह महत्वपूर्ण सड़क ग्रामीण और शहर को जोड़ती है। इससे बड़ी आबादी को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही यह सड़क यातायात व्यवस्था को सुचारू करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी।
कुशवाह ने सड़क निर्माण के भूमिपूजन पर सभी क्षेत्रवासियों को शुभकामनायें दीं और क्षेत्र के विकास कार्यो में सहयोग करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि ग्वालियर में विकास कार्यो के लिए धन की कमी नहीं आने दी जायेगी। स्थानीय प्रशासन, नगर निगम के साथ साथ केन्द्र व राज्य सरकार की अन्य योजनाओं के तहत भी विकास कार्यो के लिए धनराशि मुहैया कराई जा रही है।
विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार ने कहा कि इस मार्ग के बन जाने से ग्वालियर विकास को एक नया आयाम मिलेगा। सभी के साझा प्रयास रहेंगे कि इस सड़क मार्ग का निर्माण समय अवधि से पहले ही पूरा हो जाए। निगम सभापति मनोज तोमर ने भी इस मार्ग के उन्नयीकरण कार्य के भूमिपूजन अवसर पर सभी क्षेत्रवासियो को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण मार्ग है जो शहर को हाईवे से जोडता है और इस मार्ग के बनने से शहर विकास को भी बल मिलेगा।
आरम्भ मे सांसद भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य अतिथिगणों ने विधिवत पूजा अर्चना कर सचिन तेंदुलकर मार्ग निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर स्मार्ट सिटी के अधिकारी और बडी संख्या मे क्षेत्रवासी मौजूद थे।
डिवाइडर के दोनों ओर 9 – 9 मीटर चौड़ाई में बनेगी सड़क
स्मार्ट सिटी के अधीक्षण यंत्री सुबोध खरे ने बताया कि स्मार्ट सिटी के माध्यम से 7 करोड़ 13 लाख की लागत से कुल लंबाई 2460 मीटर लम्बाई में सचिन तेंदुलकर मार्ग का निर्माण किया जायेगा। डिवाइडर के दोनों तरफ 9-9 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जायेगी। साथ ही पानी की निकासी की व्यवस्था के लिये पाइप डालकर चाणक्यपुरी नाला एवं मुरार नदी में पानी की निकासी की व्यवस्था की जावेगी। इस कार्य के अंतर्गत जल भराव वाले क्षेत्र में 230 मीटर सीमेंट कंक्रीट सड़क बनाई जायेगी व शेष पर डामरीकरण किया जाएगा। यह सड़क निर्धारित समय में पूरी होगी। सड़क की गुणवत्ता पर भी स्मार्ट सिटी निरंतर निगरानी रखेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर