ग्वालियर : तिघरा डैम में एमबीबीएस के दो छात्र गहरे पानी में डूबे, एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी
ग्वालियर, 14 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियरगजराराजा मेडिकल कॉलेज के दो मेडिकल छात्र शनिवार शाम तिघरा डैम में डूब गए। देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में एक छात्र का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे छात्र की तलाश जारी है।
यह हादसा शनिवार शाम करीब 7 बजे तिघरा डैम के कच्ची पार क्षेत्र में हुआ, जहां आम लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित है। बताया जा रहा है कि दोनों छात्र डैम के किनारे पानी में उतरे थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे 40 से 50 फीट गहरे पानी में डूब गए। जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के आठ छात्र-छात्राओं का समूह तिघरा डैम घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचा था। समूह में चार छात्राएं और चार छात्र शामिल थे। सभी बोट क्लब से लगभग तीन किलोमीटर दूर कच्ची पार क्षेत्र में गए थे। इसी दौरान सेकेंड ईयर के छात्र आयुष श्रीवास्तव, निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) और गोपाल अग्रवाल, निवासी बीना (सागर) पानी के करीब चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों का पैर फिसल गया, जिससे वे संतुलन खो बैठे और देखते ही देखते गहरे पानी में समा गए।
काफी देर तक दोनों के वापस नहीं लौटने पर साथियों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान डैम के पथरीले किनारे पर दोनों छात्रों के जूते और कपड़े सलीके से रखे मिले। यह देखकर साथी छात्रों के होश उड़ गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही तिघरा थाना पुलिस, सीएसपी कृष्णपाल सिंह और थाना प्रभारी शिवराम सिंह कंषाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम को तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया।
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
डैम की अत्यधिक गहराई, कीचड़ और चट्टानी संरचना के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। देर रात तक बोट और हाई-पावर सर्च लाइट की मदद से सर्चिंग जारी रही। रेस्क्यू टीम ने देर रात गोपाल अग्रवाल का शव बरामद कर लिया, जबकि आयुष श्रीवास्तव का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। रविवार को भी एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम तलाश अभियान में जुटी रही।
परिजनों को दी गई सूचना
सीएसपी कृष्णपाल सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई थी। दोनों छात्रों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रशासन की निगरानी में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। इस हृदयविदारक हादसे ने मेडिकल कॉलेज परिसर में शोक की लहर दौड़ा दी है। साथ पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं और शिक्षकों के बीच गहरा दुख और चिंता का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे