ग्वालियरः चलती स्लीपर बस में टायर फटने के बाद लगी भीषण आग, खिड़कियों से कूदकर यात्रियों ने बचाई जान

 


ग्वालियर, 26 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर-झांसी हाईवे पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब झांसी रोड थाना गेट के सामने चलती वीडियो कोच बस का टायर फटने के बाद उसमें भीषण आग लग गई। घटना सुबह करीब 5 बजे की है। उस समय बस में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी और यात्रियों की सूझबूझ से सभी की जान बच गई।

जानकारी अनुसार बस से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत सक्रिय हो गए। उन्होंने बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। कई यात्रियों ने भी खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते बस आग की चपेट में आ गई और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जल गई।

जयपुर से बागेश्वर धाम जा रही थी बस

जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक एनएल 07 बी-0899 राजस्थान के जयपुर से छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम जा रही थी। बस शनिवार रात करीब 9 बजे रवाना हुई थी। रविवार सुबह नाका चंद्रवदनी पर 15 यात्री उतर गए थे। इसके बाद बस जैसे ही करीब 200 मीटर आगे बढ़ी, झांसी रोड थाना के सामने अचानक टायर फट गया और उसमें आग लग गई। उस समय बस में 16 यात्री सवार थे।

पहले धुआं, फिर भड़क उठी आग

यात्रियों के मुताबिक, हादसे से कुछ मिनट पहले बस में हल्की बदबू और धुआं महसूस हुआ था। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, आग तेजी से फैल गई। पुलिस ने समय रहते यात्रियों को सचेत किया, जिसके बाद अफरा-तफरी के बीच सभी लोग बाहर निकलने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।

हाईवे पर लगा जाम, बाद में बहाल हुआ यातायात

बस में आग लगने के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। पहले से पाइपलाइन कार्य के चलते सड़क संकरी होने से स्थिति और बिगड़ गई। पुलिस ने पहले यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, फिर यातायात को नियंत्रित कर जाम खुलवाया। बस चालक संजय सिंह, सहायक चालक बृजेश सिकरवार और हेल्पर अजय कुमार ने घटना की सूचना बस मालिक को दे दी है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे