ग्वालियर में पेट्रोल टैंकर से शिफ्टिंग के दौरान लगी आग, क्लीनर झुलसा, नोजल बंद करने की कोशिश में हादसा
ग्वालियर, 09 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शिंदे की छावनी स्थित इंडियन ऑयल के मॉडर्न पेट्रोल पंप पर बुधवार दोपहर टैंकर से पेट्रोल खाली करते समय अचानक आग लग गई। हादसे में टैंकर का क्लीनर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि वह करीब 90 प्रतिशत झुलसा है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे पेट्रोल पंप के भूमिगत टैंक में टैंकर से पेट्रोल शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक आग लग गई। आग लगते ही 48 वर्षीय क्लीनर महफूज ने टैंकर का नोजल बंद करने का प्रयास किया। इसी दौरान प्रेशर के कारण पेट्रोल बाहर निकलकर उसके कपड़ों पर फैल गया और वह आग की चपेट में आ गया। महफूज को आग की लपटों से घिरा देखकर पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया। आग पर काबू पाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। घायल महफूज को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में आग लगने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पेट्रोल पंप पर सुरक्षा मानकों और आग लगने की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे