ग्वालियर में कांग्रेस के नेशनल टैलेंट हंट का आगाज़, युवाओं में दिखा उत्साह
ग्वालियर, 24 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित ‘नेशनल टैलेंट हंट’ के प्रथम चरण का मंगलवार काे सफल शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर ग्वालियर और चंबल संभाग से 80 से अधिक युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और साक्षात्कार के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह और आत्मविश्वास देखते ही बन रहा था।
इस प्रतिभा खोज अभियान के तहत प्रतिभागियों का साक्षात्कार राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल यादव, वरिष्ठ पत्रकार राकेश अचल और समाजसेवी डॉ. राकेश अग्रवाल द्वारा लिया गया। चयनकर्ताओं ने प्रतिभागियों की क्षमता, विचारशीलता और अभिव्यक्ति कौशल की सराहना करते हुए इसे एक सार्थक और सकारात्मक पहल बताया।
कार्यक्रम के संचालन में समन्वय समिति के सदस्य एवं विधायक हेमंत कटारे, अपूर्व भारद्वाज, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र यादव और प्रदेश सचिव राहुल शर्मा की अहम भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में पूरी प्रक्रिया सुव्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई।
‘नेशनल टैलेंट हंट’ का उद्देश्य कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े युवाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें और संगठन में सक्रिय भूमिका निभा सकें। इस पहल के माध्यम से पार्टी भविष्य के लिए ओजस्वी प्रवक्ता, कुशल रिसर्च कोऑर्डिनेटर और प्रभावी पब्लिसिटी इंचार्ज तैयार करने की दिशा में काम कर रही है।
कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी निष्पक्षता के साथ किया जा रहा है, जिससे योग्य और प्रतिभाशाली युवाओं का चयन सुनिश्चित हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे