ग्वालियर: लगातार तीसरा दिन शीतल, अधिकतम तापमान 18 डिग्री पर टिका
-ग्वालियर-चंबल संभाग में अगले 24 से 48 घंटे के दौरान बारिश के आसार
ग्वालियर, 30 दिसम्बर (हि.स.)। पिछले कुछ दिनों से कोहरे और शीत लहर के प्रभाव से ग्वालियर-चंबल संभाग में ठंड चरम पर है। ग्वालियर में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के पास टिका रहने से लगातार तीसरा दिन भी शीतल दिन के रूप में दर्ज हो गया। प्रदेश में सबसे कम सात डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज होने से ग्वालियर और दतिया आज सबसे ठंडे रहे। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 से 48 घंटे के दौरान ग्वालियर-चंबल संभाग में बादल छाने से कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
ग्वालियर में पिछले दिनों की तरह शनिवार को भी दिन भर मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। सुबह कोहरा अधिक घना होने की वजह से दृश्यता लगभग 50 मीटर रही। दोपहर बाद कोहरा कम तो हुआ लेकिन धूप आंशिक ही निकली। साथ ही ठंडी हवाएं चलती रहीं। इस वजह से लोगों को तेज ठंड का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में उत्तरी पाकिस्तान में तीव्र आवृति का पश्चिमी विक्षोभ मौजूद है जो उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से हवा का रुख दक्षिण-पूर्वी होने से नमी आना शुरू हो गई है। इस वजह से रविवार को भी मध्यम से घने कोहरे के साथ बादल भी छा सकते हैं। इसके चलते 31 दिसम्बर से दो जनवरी तक ग्वालियर-चंबल संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में वृद्धि की संभावना है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में शनिवार को अधिकतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 4.8 डिग्री सेल्सियस कम है। जबकि न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.1 डिग्री सेल्सियस कम है। शनिवार सुबह हवा में नमी 97 और शाम को 81 प्रतिशत दर्ज की गई।
हिन्दुस्थान समाचार/शरद