ग्वालियरः सहायक निदेशक ने शहर की बस्तियों में पहुँचकर जानी जनगणना की वस्तुस्थिति
ग्वालियर, 05 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जनगणना कार्य निदेशालय की सहायक निदेशक प्रेमा नायर ने मंगलवार को नगर निगम के दल के साथ शहर की विभिन्न बस्तियों में पहुंचकर जनगणना कार्य का पर्यवेक्षण किया। उन्होंने खासतौर पर शहर के जोन-9 के अंतर्गत मुरार क्षेत्र की बस्तियों, जोन-11 के अंतर्गत ठाठीपुर क्षेत्र एवं जोन-22 के अंतर्गत खुरैरी में जनगणना कार्य की वस्तुस्थिति जानी।
गूगल मीट के जरिए समीक्षा की
इसी क्रम में सहायक निदेशक प्रेमा नायर ने गूगल मीट के जरिए कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रुचिका चौहान, जिला जनगणना अधिकारी अनिल बनवारिया एवं जनगणना से संबंधित अन्य अधिकारियों से भी चर्चा की। उन्होंने जनगणना की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही जनगणना से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। प्रेमा नायर ने बाल भवन में नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय की मौजूदगी में शहरी क्षेत्र के जोनल चार्ज अधिकारियों की बैठक लेकर जनगणना कार्य की विस्तार से समीक्षा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर