ग्वालियरः एचआरपी क्लीनिक में तीन दिन में 1217 महिलाओं की हुई जांच, 472 महिलाएं निकलीं हाईरिस्क गर्भवती

 


ग्वालियर, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के सरकारी अस्पतालों में लगातार तीन दिन एचआरपी क्लीनिक लगाकर 1217 गर्भवती माताओं की जाँच की गई। इनमें से 472 महिलाओं को हाई रिस्क (अधिक जोखिम) गर्भवती माताओं के रूप में चिन्हित किया गया। इन महिलाओं को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत दवाएँ व उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने चिन्हित हाई रिस्क गर्भवती माताओं का प्रसव होने तक लगातार फोलोअप कराने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए हैं।

गौरतबल है कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत हर माह की 9 व 25 तारीख की चिन्हित स्वास्थ्य संस्थाओं में एचआरपी क्लीनिक लगाकर हाईरिस्क गर्भवती माताओं की जांच की जाती है। ग्वालियर जिले में राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देशन में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सुव्यवस्थित ढंग से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत हाईरिस्क गर्भवती माताओं के चिन्हांकन व जांच के साथ-साथ उन्हें जरूरी स्वास्थ्य सेवायें मुहैया कराई जा रही हैं।

जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दीपाली माथुर ने बताया कि 09, 10 व 11 मई को लगाई गई एचआरपी क्लीनिक में गर्भवती महिलाओं की आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क सोनोग्राफी, हीमोग्लोवबिन सहित खून की अन्य जांचे और यूरिन की जांच की गई। जाँच में 472 महिलाएं हाईरिस्क गर्भवती पाई गई हैं। इनमें से 51 महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ ही 321 महिलाओं की अल्ट्रासोनोग्राफी जांच की गई। 60 महिलाओं को आयरन सुक्रोज दिया गया। एचआरपी क्लीनिक में आईं महिलाओं को फल और पौष्टिक आहार भी उपलब्ध कराया गया।

इन संस्थाओं में लगाई गईं एचआरपी क्लीनिक

जिले के जिन चिकित्सालयों में एचआरपी क्लीनिक लगाई गईं, उनमें जिला चिकित्सालय मुरार, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हस्तिनापूर, भितरवार, मोहना, डबरा व दीनदयालनगर शामिल हैं। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र उटीला, चीनौर, वीरपुर, आतरी, पिछोर व कुलैध, प्रसूति गृह माधौगंज व बिरलानगर, यूपीएचसी लक्ष्मीगंज, हुरावली, पंतनगर, ठाठीपुर, बहोड़ापुर, निम्माजी की खो व सिविल हॉस्पिटल हजीरा , सिविल डिस्पेंसरी जनकगंज व सिविल अस्पताल हेमसिंह की परेड शामिल हैं एवं आदर्श मिल , सागर ताल, नाका चंद्रवंनी, तृप्ति नगर, राजा की मंडी, मेहरा कालोनी व तुरारी पीएचई कालोनी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर