गुरु रविदास जयंती पर भाजपा का ‘समरसता संकल्प अभियान’ शुरू, प्रदेशभर में 21 हजार स्थानों पर जलाए दीप
भोपाल, 29 जुलाई (हि.स.)। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को गुरु पूर्णिमा से देशव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। अभियान के तहत भाजपा प्रदेश कार्यालय सहित पूरे मध्यप्रदेश में एक साथ दीपोत्सव आयोजित कर संत गुरु रविदास महाराज को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता और सद्भाव को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।
भाजपा द्वारा संचालित यह अभियान 29 जुलाई से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से चलाया जाएगा। प्रदेश कार्यालय में आयोजित दीपोत्सव में प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व सांसद सुमेर सिंह सोलंकी, भोपाल महापौर मालती राय, भाजपा जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति तथा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री एडवोकेट रामस्वरूप शुक्रवारे सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर संत गुरु रविदास महाराज के आदर्शों को स्मरण किया।
भाजपा संगठन के अनुसार प्रदेश के सभी 62 संगठनात्मक जिलों, 1,313 मंडलों तथा लगभग 21 हजार स्थानों पर एक साथ दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिन स्थानों पर संत गुरु रविदास महाराज के मंदिर हैं, वहां विशेष रूप से दीप जलाए गए, जबकि अन्य क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों पर उनके चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर सामाजिक एकता और समरसता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने आमजन के साथ सहभागिता करते हुए समाज में भेदभाव मिटाने, समान अवसर सुनिश्चित करने और सामाजिक सौहार्द को सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया। वक्ताओं ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज का जीवन सामाजिक समानता, मानवता और समरस समाज की स्थापना का प्रेरक उदाहरण है तथा उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं।
दीपोत्सव कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोहनी शाक्यवार, जिला महामंत्री मुकेश राय, चेतन भार्गव, प्रदीप शेखावत, अमर उंटवाल, एस.एल. वर्मा, किरण रघुवंशी, नितिन मालवीय, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष दिनेश भारती सहित प्रदेश और जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे