अनूपपुर: अमरकंटक में गुरु पूर्णिमा पर विभिन्न आश्रमों में भक्तिपूर्वक होगा गुरु पूजन

 


अनूपपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। आषाढ़ मास की पूर्णिमा को मनाई जाने वाली गुरु पूर्णिमा पवित्र नगरी अमरकंटक के विभिन्न आश्रमों में शिष्यों एवं भक्त श्रद्धालुओं द्वारा परंपरागत धार्मिक विधि-विधान से 29 जुलाई को गुरु पूजन एवं पादुका पूजन किया जाएगा।

विभिन्न आश्रमों में व्यापक तैयारियां की गई हैं। जहां कल्याण सेवा आश्रम में आश्रम, मृत्युंजय आश्रम,शांति कुटी आश्रम, मार्कंडेय आश्रम, धारकुंडी आश्रम, बर्फानी आश्रम, गीता स्वाध्याय आश्रम सहित अन्य छोटे-बड़े आश्रम एवं देवस्थान शामिल हैं।

कल्याण सेवा आश्रम में आश्रम तपस्वी बाबा कल्याण दास जी महाराज अपने शिष्यों के बीच उपस्थित रहेंगे। दूर-दराज से शिष्य एवं श्रद्धालु आश्रम में पहुंचना प्रारंभ कर चुके हैं। गुरु पूर्णिमा के दिन प्रातःकाल पादुका पूजन एवं गुरु पूजन के साथ विशाल भंडारा (प्रसादी) का आयोजन होगा। शांति कुटी आश्रम में 22 जुलाई से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा प्रारंभ है, जिसका वाचन आर्चय श्रीश्याम जी महराज कर रहे हैं। गुरु पूर्णिमा के दिन गुरू पूजन के साथ आश्रम परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

मार्कंडेय आश्रम में आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी रामकृष्णानंद जी महाराज के शिष्यों एवं भक्तों द्वारा गुरु पूजन एवं पादुका पूजन किया जाएगा। इस अवसर पर भोजन प्रसादी भी कराई जाएगी।

गौरतलब है कि आषाढ़ मास की पूर्णिमा को मनाई जाने वाली गुरु पूर्णिमा पर अमरकंटक के विभिन्न आश्रमों एवं स्थलों पर भक्ति, साधना और अध्यात्म से जुड़ी विशेष धार्मिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला