नाबालिग के शव मामले में गुर्जर समाज का प्रदर्शन, खुलासे की मांग
खाचरोद, 24 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के खाचरोद क्षेत्र में करीब 20 दिन पूर्व कुएं में मिले एक नाबालिग के शव के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मंगलवार को गुर्जर समाज के लोगों ने पुलिस थाना पहुंचकर प्रदर्शन किया, नारेबाजी की और मामले के शीघ्र खुलासे की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। समाजजनों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि 4 फरवरी की सुबह ग्राम मालाखेड़ी निवासी नाबालिग अरुण पुत्र मनोहर सिंह गुर्जर का शव उसके खेत के पास स्थित कुएं में मिला था। घटना के समय परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। उनका कहना है कि अरुण प्रतिदिन रात में खेत पर सोता था और फसल की सिंचाई करता था। उसके साथ हाली (नौकर) सोहन पिता रामलाल भी खेत पर मौजूद रहता था।
परिजनों का आरोप है कि घटना वाली रात क्या हुआ, इसकी जानकारी सोहन को हो सकती है, लेकिन वह अलग-अलग बयान दे रहा है। उन्होंने मांग की है कि उससे सख्ती से पूछताछ की जाए, जिससे सच्चाई सामने आ सके। उनका यह भी कहना है कि सोहन ने अगले दिन तक अरुण के कुएं में गिरने की जानकारी परिवार को नहीं दी।
वहीं पुलिस का प्रारंभिक बयान था कि अरुण संभवतः रात में नींद के दौरान कुएं में गिर गया होगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / Ravindra singh Raghuvanshi