गुना में दो दिन में तीन शव मिलने से सनसनी, महिला समेत तीन की मौत की गुत्थी उलझी

 


-पुलिस ट्रिपल मर्डर की आशंका समेत सभी पहलुओं की जांच में जुटी

गुना, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना जिले के म्याना थाना क्षेत्र में दो दिनों के भीतर तीन शव मिलने से सनसनी फैल गई है। रविवार को एक मकान में बुजुर्ग का शव मिलने के बाद आज (सोमवार) सुबह उसी मकान के समीप बने कमरे से एक महिला और एक पुरुष के सड़े-गले शव बरामद हुए है। लगातार तीन शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल है। पुलिस फिलहाल हत्या, संदिग्ध मौत और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

बता दें कि रविवार सुबह हनुमान मंदिर के पास स्थित एक मकान से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बंद कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां एक बुजुर्ग का सड़ी-गली अवस्था में शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान म्याना निवासी ओमप्रकाश शर्मा (60) के रूप में हुई थी। मृतक के भतीजे हेमंत ने बताया था कि सुबह आसपास के लोगों को चाचा के कमरे से बदबू आई। इसके बाद परिजन और पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजे पर बाहर से ताला लटक रहा था। कमरे के बाहर ताला लगा होने के कारण मामला शुरू से ही संदिग्ध नजर आया। प्रारंभिक जांच में शव तीन से चार दिन पुराना होने की आशंका जताई गई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था, लेकिन मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका।

पास के कमरे से मिले दो और शव

ओमप्रकाश शर्मा की मौत की गुत्थी अभी सुलझ भी नहीं पाई थी कि सोमवार सुबह उसी परिसर के पास बने एक अन्य कमरे से एक महिला और एक पुरुष के शव बरामद हुए। दोनों शव काफी हद तक सड़ चुके हैं, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। फोरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। जिला पुलिस अधीक्षक हितिका वासल भी मौके पर पहुंचीं और जांच की निगरानी की।

मृतक ओमप्रकाश शर्मा की पत्नी का करीब पांच वर्ष पहले निधन हो चुका था, जबकि उनका बेटा भोपाल में रहता है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि पास के कमरे से मिले महिला और पुरुष के शव किसके हैं और उनका बुजुर्ग से क्या संबंध था। पुलिस पहचान स्थापित करने के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौतों के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम का खुलासा होने की उम्मीद है।

ट्रिपल मर्डर की आशंका, हर एंगल से जांच

पुलिस सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में एक महिला की तलाश पहले से की जा रही थी और अब उसका शव भी बरामद होने की बात सामने आ रही है। इसके बाद दो अन्य शव मिलने से मामला और गंभीर हो गया है। प्रारंभिक तौर पर तिहरे हत्याकांड की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि तीनों मौतों के पीछे की परिस्थितियों की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि मौतें कब हुईं, मृतकों के बीच कोई संबंध था या नहीं, तथा घटना के पीछे आपसी रंजिश, पारिवारिक विवाद या कोई अन्य कारण तो नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे