गुना में भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से पिता- बेटे और ममेरे भाई की मौत, एक गंभीर घायल

 


गुना, 06 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। सभी चार लोग एक ही बाइक पर सवार होकर गुना ट्रैक्टर खरीदने जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार, सेमरा गांव निवासी मुकेश भील अपने रिश्तेदारों के साथ ट्रैक्टर खरीदने के लिए गुना जा रहा था। उसके साथ बाइक पर शंकर भील, बाबूलाल और 7 साल का दीपक सवार थे। दोपहर करीब 2:30 बजे झा गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि चारों लोग सड़क पर गिर गए। सूचना मिलने पर झागर पुलिस और डायल-112 की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने मुकेश भील (25), शंकर भील (45) और दीपक (7) को मृत घोषित कर दिया। वहीं बाबूलाल (28) का इलाज गंभीर स्थिति में जारी है। हादसे में मृत और घायल सभी आपस में रिश्तेदार थे। मुकेश, शंकर के मामा का बेटा था, दीपक मुकेश का बेटा और बाबूलाल तथा शंकर आपस में भाई हैं।

पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिवार को सौंपा गया। झागर चौकी प्रभारी एएसआई अनिल कदम ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह एक ट्रैक्टर हो सकता है, लेकिन पुष्टि के लिए जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे