गुना : खाद के लिए सड़कों पर उतरे अन्नदाता, चक्काजाम में विधायक भी किसानों के साथ बैठे सड़क पर

 


गुना, 23 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना जिले में खाद के लिए अन्नदाताओं का सब्र अब जवाब देने लगा है। बागेरी डबल लॉक वितरण केंद्र के बाहर खाद न मिलने से आक्रोशित किसानों ने चक्काजाम कर दिया, जिससे बमौरी रोड पूरी तरह ब्लॉक हो गया और आवागमन ठप हो गया। सड़क पर उतरे किसानों का दर्द साफ झलक रहा था कि वे पिछले 8 दिनों से लगातार ई-टोकन बुक करने की जद्दोजहद कर रहे हैं, लेकिन तकनीकी खामियों के चलते हर बार हाथ निराशा ही लग रही है।

किसानों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि जब वे मोबाइल से ई-टोकन बुक करने का प्रयास करते हैं, तो सर्वर या तो काम नहीं करता या वेबसाइट पूरी तरह ठप मिलती है। किसानों का कहना है कि रिटेलर ठीक 9:50 बजे आते हैं, जबकि पोर्टल सुबह 9:30 से 10 बजे के बीच जानबूझकर बंद बता दिया जाता है। जैसे ही 10 बजे टोकन जनरेट करने का समय होता है, रिटेलर गायब हो जाते हैं और किसानों को मात्र 2 मिनट का मौका मिलता है। इतने कम समय में सर्वर डाउन होने के कारण टोकन बुक नहीं हो पाता। किसानों का यह भी सवाल है कि जब सरकारी केंद्रों पर खाद उपलब्ध नहीं है, तो आखिर दुकानों पर खाद कहां से बिक रहा है?

बुधवार सुबह जाम की सूचना मिलते ही बमौरी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। उन्होंने भी माना कि तकनीकी खामी के चलते किसानों को ई-टोकन मिलने में दिक्कतें आ रही हैं। हंगामे को देखते हुए तहसीलदार और कृषि विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर तलब किया गया है। गौरतलब है कि इस वितरण केंद्र पर व्यवस्थाओं को लेकर किसानों में पहले भी नाराजगी देखी गई थी।

बमौरी विधायक ऋषि अग्रवाल जिले में खाद के लिए परेशान किसानों ने बाघेरी खाद वितरण केंद्र के सामने गुना बमौरी रोड जाम कर दिया जाम की खबर लगते ही बमौरी विधायक ऋषि अग्रवाल किसानों के बीच बाघेरी पहुंच कर किसानों की समस्या सुनकर के किसानों के साथ रोड पर बैठ गए, जैसे ही प्रशासन क़ो विधायक के रोड पर बैठने की खबर लगते ही प्रशासन हरकत में तुरंत बमौरी थाना प्रभारी सहित उमरी चौकी से पुलिस बल, तहसीलदार, कृषि विभाग अधिकारी ,डीएमओ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा