राजगढ़ः स्मैक कारोबारियों पर प्रशासन का बुलडोजर, गुलखेड़ी में 4 अवैध निर्माण ध्वस्त
राजगढ़, 09 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम गुलखेड़ी में स्मैक तस्करी से जुड़े लोगों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया। संयुक्त कार्रवाई में चार परिवारों के अवैध रूप से निर्मित मकानों और निर्माण कार्यों को ध्वस्त किया गया।
एसडीओपी नरसिंहगढ़ मिनी शुक्ला ने मंगलवार को बताया कि पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। जांच के दौरान संबंधित निर्माण अवैध पाए गए, जिसके बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। राजस्व विभाग की ओर से तहसीलदार पचोर नीलम परसेदिया के नेतृत्व में नायब तहसीलदार सोनू गुप्ता, पटवारी अंकित सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर कार्रवाई को अंजाम दिया। वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के विभिन्न थानों से करीब 65 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों का बल तैनात किया गया था।
कार्रवाई जिन लोगों के अवैध निर्माणों पर की गई, उनमें नीतेश पुत्र भगवानसिंह सांसी, चन्दा पत्नी गौतम सांसी, रेखा पत्नी मुकेश सांसी तथा शोभा पत्नी सुधीर सांसी एवं सुधीर पुत्र सिंधी सांसी शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार संबंधित व्यक्तियों की अवैध स्मैक कारोबार में संलिप्तता सामने आई थी और उनके निर्माण भी नियमों के विपरीत पाए गए। कार्रवाई के दौरान नरसिंहगढ़ थानाप्रभारी वीरेन्द्र धाकड़, ब्यावरा थानाप्रभारी षिवराजसिंह चैहान,तलेन थानाप्रभारी धर्मेन्द्र पलैया,बोड़ा थानाप्रभारी देवेन्द्रसिंह राजपूत,निरीक्षक मनीष षर्मा, आकांक्षा हाड़ा सहित विभिन्न थानों का पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने बताया कि पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित नहीं हुई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और अवैध निर्माणों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक