दमोह: जीआरपी के दिवंगत एएसआई के परिवार को मिली एक करोड़ रुपये की सहायता राशि

 


दमोह, 09 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह में रेलवे पुलिस में पदस्थ रहे दिवंगत एएसआई महेश कोरी के परिवार को गुरुवार को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत दी गई इस राशि से परिवार को आर्थिक संबल मिला है। विभागीय स्तर पर लंबे समय से चल रही प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह सहायता राशि स्वीकृत की गई।

बताया गया है कि एएसआई महेश कोरी की 31 अगस्त 2025 को ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद जीआरपी थाना प्रभारी द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया था और परिवार को सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसके बाद रेलवे पुलिस उप महानिरीक्षक के निर्देशन में लगातार कार्रवाई करते हुए आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कराई गई।

आज 09 अप्रैल को दमोह रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी सहायता केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय महेश कोरी की पत्नी अन्नपूर्णा तंतुवाय को एक करोड़ रुपये का चेक सौंपा गया। इस दौरान उनके पुत्र और पुत्री भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जीआरपी सूबेदार रविंद्र कुमार सिंह, एएसआई शेख जुम्मन, प्रधान आरक्षक लल्लू पांडे, आरक्षक धीरज यादव सहित जीआरपी सहायता केंद्र का स्टाफ उपस्थित रहा।

चेक प्रदान करने आई बैंक की महिला अधिकारी ने बताया कि उन्हें मीडिया से बातचीत करने की अनुमति नहीं है, इसलिए उन्होंने केवल फोटो लेने का अनुरोध किया। औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सहायता राशि का चेक परिवार को प्रदान कर दिया गया। इस सहायता राशि से दिवंगत एएसआई महेश कोरी के परिवार को आर्थिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि विभाग अपने दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों के साथ खड़ा है और भविष्य में भी हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव