मंदसौर जिले में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, विभिन्न क्षेत्रों में निकली भव्य तिरंगा यात्राएं
मंदसौर, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंदसौर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के निर्देशन में आयोजित इन यात्राओं में भाजपा के जनप्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साह के साथ सहभागिता की।
जिला मुख्यालय मंदसौर में निकाली गई तिरंगा यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित, प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक यशपालसिंह सिसौदिया, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नानालाल अटोलिया, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पाटीदार, अनिल कियावत, विजय सुराना, अंकित सोनी और नरेश चंदवानी सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। यात्रा के दौरान नगर में जगह-जगह लोगों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी से माहौल राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नजर आया।
तिरंगा यात्रा का समापन भारत माता चौराहे पर किया गया। यहां भारत माता की आरती के साथ यात्रा का समापन हुआ। आयोजन के माध्यम से लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान बनाए रखने और देश की एकता एवं अखंडता के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया