अनूपपुर: भेजरी में जगतगुरु माऊली सरकार अंतरराज्यीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
अनूपपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में ग्राम जोड़ो अभियान के तहत पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के ग्राम भेजरी में जगतगुरु माऊली सरकार अंतरराज्यीय फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ स्थित रानी प्रभा कुमारी फुटबॉल स्टेडियम में सोमवार को हुआ। नर्मदांचल वीर युवा संगठन पुष्पराजगढ़ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से फुटबॉल टीमें हिस्सा लेंगी। शुभारंभ में दो मैचों का शानदार प्रदर्शन किया गया।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी देश के अलग-अलग हिस्सों से खिलाड़ी भेजरी पहुंचकर मैदान में अपना दमखम दिखाएंगे। प्रतियोगिता का आयोजन भाजपा जिला अध्यक्ष एवं फुटबॉल खिलाड़ी हीरा सिंह श्याम और उनकी मित्र मंडली के सहयोग से किया जा रहा है।
25 सितंबर तक हुआ टीमों का पंजीयन
प्रतियोगिता में शामिल होने वाली टीमों के लिए पंजीयन की प्रक्रिया 25 सितंबर 2026 तक पूरी की गई। आयोजकों के मुताबिक बड़ी संख्या में टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीयन कराया है। अंतरराज्यीय स्तर की टीमों के शामिल होने से मुकाबलों के रोमांचक होने की उम्मीद है।
विजेता को 51 हजार, उपविजेता को 25 हजार रुपए
फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन कर खिताब जीतने वाली टीम को 51 हजार रुपए एवं विजेता ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 25 हजार रुपए पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
बालिका वर्ग से होगी शुरुआत, एक माह तक चलेंगे मुकाबले
प्रतियोगिता की शुरुआत जूनियर बालिका वर्ग के मुकाबलों से होगी। इसके बाद जूनियर पुरुष वर्ग के फुटबॉल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। क्वालीफायर मैच के बाद सीनियर वर्ग की टीमें मैदान में उतरेंगी। इसके बाद बाहर से आने वाली टीमों के बीच भी लगातार मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता का सिलसिला करीब एक माह तक जारी रहेगा।
वर्षों से खेल प्रतिभाओं को मिल रहा मंच
आयोजक एवं भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने बताया कि यह फुटबॉल प्रतियोगिता पिछले कई वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में हर वर्ष देश के अलग-अलग क्षेत्रों से खिलाड़ी शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
पिछले वर्षों की तरह इस बार भी मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रतियोगिता के दौरान भेजरी का रानी प्रभा कुमारी स्टेडियम फुटबॉल के रोमांच से गुलजार रहेगा।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष, डॉ. मदन त्रिपाठी, रंजीत सर्राटी , जिला मंत्री राजेश सराठिया, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष नरेश मिश्रा, अनूसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष बब्बू चंद्रवंशी, कार्यालय मंत्री चंद्रिका द्विवेदी, युवामोर्चा जिला मंत्री प्रदीप मिश्रा, भेजरी सरपंच भागवती तेंद्रो,सहित जनप्रतिनिधि, फुटबॉल प्रेमी ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला