सरकार के कार्यों को धरातल तक पहुंचाना मीडिया, सोशल मीडिया विभाग की जिम्मेदारी: हेमंत खंडेलवाल

 


भोपाल, 25 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया और सोशल मीडिया प्रभारी शिवराज सिंह डाबी ने शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल की मौजूदगी में दोनों पदाधिकारियों ने कार्यालय परिसर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इस दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन और संभाग प्रभारी अभय यादव सहित मीडिया विभाग के पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी की विचारधारा, नीतियों और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मीडिया और सोशल मीडिया विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यों को धरातल तक पहुंचाना और संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से जनता तक ले जाना दोनों विभागों की जिम्मेदारी है।

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया विभाग बेहतर समन्वय के साथ सरकार की योजनाओं और संगठन के कार्यक्रमों की जानकारी बूथ स्तर तक पहुंचाने का काम करें। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्य कर रही है।

टीम भावना के साथ आगे बढ़ाएंगे मीडिया विभाग: बृजगोपाल लोया

नवनियुक्त प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल के नेतृत्व में मीडिया विभाग ने जो कार्यशैली और उपलब्धियां हासिल की हैं, उन्हें आगे बढ़ाना टीम की सामूहिक जिम्मेदारी है। लोया ने कहा कि सह-प्रभारियों, प्रवक्ताओं, पैनलिस्टों और मीडिया विभाग के अन्य सदस्यों के सहयोग एवं समन्वय से टीम भावना के साथ काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और संगठन की गतिविधियों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाना प्राथमिकता रहेगी।

खण्डेलवाल ने दी शुभकामनाएं

प्रदेश अध्यक्ष ने दोनों नवनियुक्त प्रभारियों को शुभकामनाएं देते हुए पूरी निष्ठा, समर्पण और परिश्रम के साथ दायित्व निभाने की बात कही। उन्होंने बताया कि पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल को केंद्रीय संगठन में राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने इसे मध्यप्रदेश संगठन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। कार्यक्रम में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी, प्रदेश प्रवक्ता, पैनलिस्ट और मीडिया विभाग के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे