सरकारी जमीन पर बने अवैध कॉम्पलेक्स पर चला बुलडोजर, नीलबड़ में 20 दुकानों को जेसीबी से ढहाया
भोपाल, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के नीलबड़ और मुंडला क्षेत्र में शुक्रवार को जिला प्रशासन ने अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। नीलबड़ में शासकीय भूमि पर निर्मित एक अवैध व्यावसायिक कॉम्पलेक्स को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया, जबकि मुंडला में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर भी कार्रवाई करते हुए वहां किए गए निर्माण हटाए गए।
हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया की मौजूदगी में प्रशासनिक अमले ने ग्राम नीलबड़ स्थित मरघट की शासकीय भूमि पर कार्रवाई की। एसडीएम ने बताया कि कृष्णकांत शुक्ला द्वारा करीब 0.081 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर अवैध रूप से व्यावसायिक कॉम्पलेक्स का निर्माण कर लिया गया था, जिसमें 20 दुकानें बनाई गई थीं। प्रशासन ने बेदखली की कार्रवाई करते हुए पूरे अवैध निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।
इसके बाद प्रशासनिक टीम ने ग्राम मुंडला में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी पर भी कार्रवाई की। यहां बिना वैधानिक अनुमति के बनाई गई सड़क, बाउंड्री वॉल, प्रवेश द्वार (गेट) सहित अन्य निर्माण हटाए गए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण और अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे