डॉ. गौर की 157वीं जयंती पर गौर प्रांगण में मुख्य समारोह, मंत्री राजपूत ने की दान परंपरा की सराहना

 


सागर, 26 नवंबर (हि.स.)। महान शिक्षाविद्, विधिवेत्ता और दानवीर सर डॉ. हरिसिंह गौर की 157वीं जयंती पर गुरुवार को डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के गौर प्रांगण में मुख्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर और डॉ. गौर के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।

समारोह में प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, सागर सांसद लता वानखेड़े, राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल, विधायक शैलेन्द्र जैन, महापौर संगीता तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी और नगर निगम अध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच डॉ. गौर का पूजन किया। कार्यक्रम में वंदे मातरम् का गायन भी हुआ। कुलगुरु प्रो. नागेश दुबे ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी।

मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा कि अपनी मेहनत की कमाई सार्वजनिक हित और शिक्षा के प्रसार के लिए समर्पित कर देना डॉ. गौर के महान व्यक्तित्व और उदार सोच का परिचायक है। विश्वविद्यालय पहुंचने पर उन्हें अपने छात्र जीवन की स्मृतियां ताजा हो जाती हैं। आज वे जिस मुकाम पर हैं, उसमें इस संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि डॉ. गौर ने कठिन परिस्थितियों में अपनी दूरदृष्टि और संकल्प के बल पर मध्य प्रदेश के पहले विश्वविद्यालय की स्थापना की। जयंती समारोह का उद्देश्य नई पीढ़ी को संविधान निर्माण, शिक्षा के क्षेत्र में डॉ. गौर के योगदान और उनके संघर्षपूर्ण जीवन से परिचित कराना है।

सांसद लता वानखेड़े ने कहा कि डॉ. गौर बुंदेलखंड और सागर की पहचान एवं गौरव हैं। विश्वविद्यालय उनकी अमूल्य विरासत है। इसकी स्थापना के लिए उन्होंने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी समर्पित कर दी। यह केवल धन का दान नहीं, बल्कि विद्या और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को संवारने का संकल्प था। विश्वविद्यालय ने बुंदेलखंड की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर दिए हैं। उन्होंने लोगों से डॉ. गौर के आदर्शों पर चलते हुए उनकी विरासत को संजोने और राष्ट्रहित में योगदान देने का आह्वान किया।

राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा संविधान गौरव दिवस की घोषणा के संदर्भ में संविधान निर्माण में डॉ. गौर के योगदान को याद करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वविद्यालय को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए भावनात्मक जुड़ाव के साथ रचनात्मक प्रयासों और उत्पादकता बढ़ाने पर जोर दिया।

जीवाजी राव विश्वविद्यालय, ग्वालियर के कुलगुरु प्रो. दिवाकर राजपूत ने कहा कि संकल्प के साथ किया गया कार्य ही सफलता दिलाता है। ज्ञान की सार्थकता उसे दूसरों तक पहुंचाने और उसके दान में निहित है।

समारोह में विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा लिखित पुस्तकों का विमोचन किया गया। कुलगुरु प्रो. नागेश दुबे की पुस्तक 'बुंदेलखंड की सांस्कृतिक विरासत' के साथ शोध पत्रिका 'मध्य भारती' (मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान) के 28वें और 29वें अंक का भी लोकार्पण हुआ।

इस अवसर पर विभिन्न दानदाताओं से प्राप्त राशि के माध्यम से अलग-अलग विभागों और कक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों को पदक एवं पुरस्कार राशि प्रदान की गई। गौर पीठ को प्राप्त दान राशि से सिंगल गर्ल चाइल्ड और दिव्यांग वर्ग के स्नातक प्रथम वर्ष के एक-एक मेधावी विद्यार्थी को पढ़ाई जारी रखने के लिए एकमुश्त आर्थिक सहायता दी गई।

संविधान दिवस के अवसर पर कुलगुरु प्रो. नागेश दुबे ने उपस्थित लोगों को संविधान की उद्देशिका का वाचन कराया और संविधान के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ दिलाई।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे