अनूपपुर: अडानी पावर प्लांट पर गोंगपा का धरना, कंपनी ने 15 दिनों का दिया आश्वासन
अनूपपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र स्थित छतई में 'अडानी पावर प्लांट' के मुख्य गेट पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) ने रविवार को 10 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया।
शाम को पुलिस और जिला प्रशासन की मौजूदगी में कंपनी के अधिकारियों से मिले आश्वासन के बाद यह प्रदर्शन समाप्त हो गया। दिनभर चली बातचीत के बाद कंपनी प्रबंधन ने प्रदर्शनकारियों को उनकी मांगों पर कार्रवाई का भरोसा देते हुए लिखित में 15 दिनों का समय मांगा है।
15 दिन में नहीं हुआ समाधान तो होगा चक्काजाम
गोंगपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देव शरण सिंह कुशरो ने बताया कि अगले 15 दिनों के भीतर एसडीएम कोतमा की मौजूदगी में कंपनी प्रबंधन के साथ बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी मुद्दों पर चर्चा कर समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दी गई समय-सीमा में मांगों का निराकरण नहीं हुआ, तो पार्टी बिना किसी पूर्व सूचना के पावर प्लांट के सामने उग्र चक्काजाम करने को मजबूर होगी।
आंदोलनकारियों की मुख्य 10 सूत्रीय मांगें
क्षेत्रीय युवाओं और मजदूरों को योग्यता के आधार पर स्थायी रोजगार दिया जाए। श्रमिकों से 12 घंटे की जगह 8 घंटे काम का समय निर्धारित किया जाए। भू-अधिग्रहण से पहले किसानों को पूर्ण संतुष्ट किया जाए और बिना जानकारी जमीन अधिग्रहण रोका जाए। साथ ही प्रस्तावित रेलवे लाइन से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। पावर प्लांट में होने वाली हैवी ब्लास्टिंग से आसपास के गांवों में क्षतिग्रस्त हुए मकानों और ठप पड़े नल-कूपों का मुआवजा दिया जाए। जर्जर ग्रामीण सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, केवई नदी के स्वाभाविक जल प्रवाह को प्रभावित होने से रोका जाए और सीएसआर फंड का उपयोग स्थानीय विकास में हो। अडानी कंपनी में लगे स्थानीय वाहनों का मासिक किराया-भुगतान निर्धारित समय पर किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला