जैसीनगर को 80 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, भोपाल की दूरी 25 किमी होगी कम : गोविंद सिंह राजपूत
भोपाल, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र के जैसीनगर विकासखंड को करीब 80 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली। खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने शनिवार काे जैसीनगर, बिजौरा, रीछई, तोड़ा तरफदार सहित विभिन्न ग्रामों में सड़क, स्कूल भवन, पंचायत भवन, सीसी रोड, नाली, शांतिधाम, पुलिया, स्टॉपडैम और सामुदायिक भवनों सहित अनेक विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।
इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं और विकास का लाभ पहुंचाना है। खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि आज भाजपा आम जनता के दिलों पर राज कर रही है, जबकि कांग्रेस झूठ और फरेब की राजनीति के कारण लगातार सिमटती जा रही है। जनता अब विकास और विश्वास की राजनीति को स्वीकार कर रही है।
जैसीनगर बना क्षेत्र का नया कनेक्टिविटी हब
मंत्री ने कहा कि लगभग 65 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे सड़क नेटवर्क के कारण जैसीनगर अब तीनों दिशाओं से प्रमुख मार्गों से जुड़ गया है। मसुरहाई मार्ग बनने से भोपाल जाने वालों की करीब 25 किलोमीटर दूरी कम हो जाएगी। इस सड़क का लाभ मसुरहाई, सेमराकलां, सिंगारमुंडी, मनेशिया, ढकरई, मूडरी, सेवन, करहद, तोड़ा तरफदार, पड़रिया, रीछई, परासिया, बिजौरा, मिडवासा सहित 50 से अधिक गांवों के हजारों लोगों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से किसानों को कृषि उपज मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी, परिवहन लागत घटेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
स्कूल, पंचायत भवन और स्टॉपडैम से बदलेगी गांवों की तस्वीर
कार्यक्रम के दौरान खाद्य मंत्री राजपूत ने जैसीनगर-मसुरहाई पहुंच मार्ग, बिजौरा में मंगल भवन, पुलिया और नाली निर्माण, मिडवासा एवं नयाखेड़ा में स्कूल भवन, सीसी सड़क और शांतिधाम, रीछई में पंचायत भवन एवं बाउंड्रीवाल, तोड़ा तरफदार में शांतिधाम और हरदौल बाबा चबूतरा तथा पथरिया में स्टॉपडैम सहित अनेक विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। मंत्री ने कहा कि नए स्कूल भवनों से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। पंचायत भवन बनने से ग्रामीणों को सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। सीसी सड़क और नाली निर्माण से जलभराव की समस्या कम होगी और गांवों में स्वच्छता व आवागमन की स्थिति बेहतर बनेगी। वहीं स्टॉपडैम के निर्माण से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, जिससे सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और भूजल स्तर में सुधार होगा।
सुरखी का कोई गांव विकास से वंचित नहीं रहेगा
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र का कोई भी गांव विकास से अछूता नहीं रहेगा। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार का लक्ष्य गांवों को आत्मनिर्भर, समृद्ध और आधुनिक बनाना है, ताकि ग्रामीणों को शहरों जैसी सुविधाएं अपने गांव में ही मिल सकें। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता के विश्वास पर खरी उतरते हुए विकास की गति को लगातार आगे बढ़ा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे