जबलपुरः जीसीएफ के पूर्व सैनिक सुरक्षा कर्मियों का प्रदर्शन, एसपी से लगाई न्याय की गुहार
जबलपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में जीसीएफ (गन कैरिज फैक्ट्री) की सुरक्षा में तैनात भूतपूर्व सैनिक सुरक्षा कर्मियों ने कथित मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की।
सुरक्षा कर्मियों का आरोप है कि पिछले कुछ समय से वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उनके साथ अनुचित व्यवहार किया जा रहा है। बिना ठोस कारण ड्यूटी के समय में बार-बार बदलाव किए जाने से उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है। वहीं, अधिकारियों द्वारा कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने से पूर्व सैनिकों के आत्मसम्मान को ठेस पहुंच रही है।
सुरक्षा कर्मियों ने बताया कि 14 सितंबर से अचानक उनकी ड्यूटी व्यवस्था में बदलाव कर चार-चार घंटे की टूटी हुई शिफ्ट लागू कर दी गई। उनका कहना है कि इस व्यवस्था के कारण पर्याप्त आराम का समय नहीं मिल पा रहा है और उन्हें शारीरिक एवं मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व सैनिकों का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी समस्याओं को लेकर जिम्मेदार वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत करने का प्रयास किया, तो उनकी शिकायत सुनने के बजाय कथित रूप से उनके साथ धक्का-मुक्की की गई और नौकरी से हटाने की धमकी दी गई।
समाजसेवी रामरतन यादव के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। सुरक्षा कर्मियों ने कहा कि उन्होंने देश की सेवा के बाद अब संस्थान की सुरक्षा की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से संभाली है, इसलिए उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने वालों में घनश्याम यादव, आकाश, अधिवक्ता अनुराग सिंह, नरेश चक्रवर्ती और प्रमोद सेन सहित बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मी शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक