राजगढ़ःगंगा दशहरा पर जिलेभर में होगा सामूहिक श्रमदान,साफ-सफाई और दीपदान कार्यक्रम
राजगढ़, 22 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में गंगा दशहरा पर होने वाले “जल गंगा संवर्धन अभियान-2026” को सफल बनाने कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। राज्य शासन के निर्देशानुसार आगामी 25 मई को जिले की सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में सामूहिक श्रमदान, स्वच्छता अभियान और दीपदान कार्यक्रम एक साथ आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर ने कहा कि जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देने के लिए हर गांव और नगर में प्रभावी गतिविधियां आयोजित की जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि तालाबों, बावड़ियों, कुओं, नदियों और अन्य जल स्रोतों के आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाए। श्रमदान के माध्यम से जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए और शाम को दीपदान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, महिला समूहों, युवाओं और विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि यह अभियान बड़े पैमाने पर प्रभाव छोड़ सके। प्रत्येक विकासखंड में ऐसे प्रेरणादायी कार्य चुने जाएं जो भविष्य में जल संरक्षण के मॉडल के रूप में पहचाने जाएं। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को समय सीमा में तैयारियां पूर्ण करने और कार्यक्रमों के फोटो-वीडियो शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि 25 मई को होने वाले इन कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक शामिल होकर जल संरक्षण के इस जनअभियान को सफल बनाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक