गांधीसागर बनेगा देश के हरित ऊर्जा भंडारण का बड़ा केंद्र, 11,500 करोड़ की परियोजना से दिसंबर 2026 में शुरू होगा बिजली उत्पादन

 


मंदसौर, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर और नीमच जिले के पत्रकारों ने संयुक्त रूप से गांधीसागर जलाशय और यहां विकसित हो रही 1920 मेगावाट की पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना का अवलोकन किया। चंबल नदी पर निर्मित गांधीसागर जलाशय अब केवल बांध और जल विद्युत उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, पर्यटन, मत्स्य पालन, वन्यजीव संरक्षण और ग्रामीण विकास के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है।

गांधीसागर में ग्रीनको ग्रुप द्वारा लगभग 11,500 करोड़ रुपये की लागत से 1920 मेगावाट क्षमता की पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना विकसित की जा रही है। इसे भारत की निर्माणाधीन सबसे बड़ी स्वतंत्र पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना बताया जा रहा है। परियोजना के दिसंबर 2026 से बिजली उत्पादन शुरू करने और जून 2027 तक पूर्ण क्षमता के साथ वाणिज्यिक संचालन का लक्ष्य रखा गया है।

ग्रीनको ग्रुप के उपाध्यक्ष नवीन कुमार लक्ष्मण और परियोजना के चेयरमैन श्रीनिवास ने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि परियोजना का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। दिसंबर 2026 में टरबाइनों के पहले सेट का संचालन शुरू करने की तैयारी है। जून 2027 तक पूरी परियोजना को चालू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

11,500 करोड़ के निवेश से विकसित हो रही 1920 मेगावाट परियोजना

यह परियोजना नीमच जिले की रामपुरा तहसील के खेमला ब्लॉक में लगभग 414 हेक्टेयर भूमि पर विकसित की जा रही है। इसमें करीब 11,500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। परियोजना में दो जलाशयों का उपयोग किया जाएगा। निचले जलाशय के रूप में पहले से मौजूद गांधीसागर जलाशय का उपयोग होगा, जबकि ऊपरी जलाशय का निर्माण ग्रीनको ग्रुप द्वारा किया जा रहा है।

परियोजना की खासियत यह है कि इसमें पानी का बार-बार पुन: उपयोग किया जाएगा। गांधीसागर जलाशय से लगभग 2.4 टीएमसी पानी का गैर-उपभोगी उपयोग होगा। पानी को नीचे और ऊपर के जलाशयों के बीच चक्र के रूप में संचालित किया जाएगा। इससे पानी की स्थायी खपत नहीं होगी।

अतिरिक्त सौर ऊर्जा से होगा पानी का भंडारण

परियोजना दो मोड में काम करेगी। पंपिंग मोड में जब दिन के समय सौर और पवन ऊर्जा का उत्पादन अधिक होगा तथा बिजली की मांग कम होगी, तब अतिरिक्त बिजली से पानी को निचले जलाशय से ऊपर के जलाशय में पहुंचाकर संग्रहित किया जाएगा। वहीं, जब शाम के समय बिजली की मांग बढ़ेगी, तब ऊपरी जलाशय से पानी नीचे छोड़ा जाएगा। इससे टरबाइन संचालित होकर बिजली का उत्पादन करेंगे। इस तरह अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा को जरूरत के समय उपयोग में लाया जा सकेगा।

छह घंटे तक लगातार 1920 मेगावाट बिजली उत्पादन

परियोजना की तकनीकी क्षमता के अनुसार इसमें कुल नौ टरबाइन लगाए जा रहे हैं। पूरी क्षमता पर लगातार छह घंटे तक 1920 मेगावाट बिजली उत्पादन किया जा सकेगा। इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता लगभग 3,580 मिलियन यूनिट निर्धारित है। परियोजना का राउंड ट्रिप एफिशिएंसी लगभग 80 प्रतिशत रहेगा।

बिजली को ग्रिड तक पहुंचाने के लिए परियोजना को मंदसौर जिले में स्थित 765/400 केवी पीजीसीआईएल सबस्टेशन से जोड़ा जा रहा है, जो परियोजना स्थल से लगभग 60 किलोमीटर दूर है।

चार हजार लोगों को मिला रोजगार

परियोजना के निर्माण कार्य के दौरान करीब चार हजार लोगों को रोजगार मिला है। संचालन शुरू होने के बाद यहां लगभग 200 लोगों को स्थायी रोजगार मिलने की संभावना है। कंपनी ने स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता जताई है।

परियोजना से उत्पादित बिजली एनटीपीसी, एसईसीआई, मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों की बिजली वितरण कंपनियों को दीर्घकालिक बिजली खरीद समझौतों के तहत उपलब्ध कराई जाएगी। इससे बिजली की अधिक मांग वाले समय में आपूर्ति सुनिश्चित करने और महंगी बिजली पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

जलविद्युत, सौर ऊर्जा और मत्स्य पालन को भी बढ़ावा

गांधीसागर जलाशय क्षेत्र में विकास की कई गतिविधियां एक साथ संचालित हो रही हैं। गांधीसागर जलविद्युत गृह की 115 मेगावाट क्षमता से हरित ऊर्जा का उत्पादन किया जा रहा है। इसके अलावा जलाशय की सतह पर फ्लोटिंग सोलर परियोजनाओं को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

दूरस्थ गांवों तक पहुंचेगा पेयजल

जल जीवन मिशन के तहत गांधीसागर समूह जल प्रदाय योजना के माध्यम से मंदसौर और नीमच जिलों के दूरस्थ गांवों तक पेयजल पहुंचाने का काम किया जा रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री सूक्ष्म सिंचाई योजना के अंतर्गत ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे पानी की बचत के साथ कृषि उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

चीतों के दूसरे प्राकृतिक आवास के रूप में विकसित गांधीसागर

वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में भी गांधीसागर की पहचान बढ़ी है। कूनो के बाद गांधीसागर वन्यजीव अभयारण्य को चीतों के दूसरे प्राकृतिक आवास के रूप में विकसित किया गया है। इसके अलावा यह क्षेत्र गिद्धों की बड़ी आबादी और चंबल नदी में मगरमच्छों के सुरक्षित प्रजनन के लिए भी महत्वपूर्ण है।

ऐतिहासिक धरोहर और पर्यटन को मिल रही नई पहचान

गांधीसागर क्षेत्र में ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण पर भी काम किया जा रहा है। परमारकालीन स्थापत्य कला के लिए प्रसिद्ध हिंगलाजगढ़ किले के जीर्णोद्धार और संरक्षण के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, चतुर्भुज नाथ नाला के प्रागैतिहासिक शैलचित्रों के संरक्षण के साथ पुरातात्विक पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है।पर्यटन के क्षेत्र में गांधीसागर फ्लोटिंग फेस्टिवल, टेंट सिटी और वाटर स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियां नई संभावनाएं पैदा कर रही हैं। इनके माध्यम से स्थानीय युवाओं को गाइड, हॉस्पिटैलिटी और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

गांधीसागर अब ऊर्जा उत्पादन के साथ ऊर्जा भंडारण, पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव संरक्षण, पर्यटन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को एक साथ आगे बढ़ाने वाले केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। 1920 मेगावाट की पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना पूरी क्षमता से शुरू होने पर मध्यप्रदेश के साथ देश की हरित ऊर्जा व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया