जबलपुरः 31 मार्च को विराट धर्म सभा के साथ निकलेगी विशाल गदा यात्रा

 


जबलपुर, 29 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी हिन्दू सेवा परिषद् के चतुर्दश स्थापना दिवस एवं हिन्दू नव संवत्सर 2083 के उपलक्ष्य में आगामी 31 मार्च 2026 को गदा यात्रा एवं हिन्दू धर्म सभा का आयोजन होने जा रहा है।

हिन्दू सेवा परिषद् के प्रदेश अध्यक्ष अतुल जेसवानी ने रविवार को एक वार्ता के दौरान बताया कि इस वर्ष 3 अखाड़ा लगातार यात्रा में प्रदर्शन करेंगे तथा 10 फुट की दादा भगवान श्री हनुमान की अनूठी मूर्ति आकर्षण का केन्द्र रहेगी।

मंगलवार को दोपहर 12 बजे नौद्ररा ब्रिज स्थित श्री हनुमान जी के मंदिर मे एक विराट धर्मसभा का आयोजन किया जायेगा। तत्पश्चात गदा यात्रा प्रारंभ होगी जो शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी। इस गदा यात्रा में हिन्दू राष्ट्र की हुंकार भरी जाएगी तथा मुख्य सेअतिथि के रूप में हैदराबाद से पधारे टी. राजा सिंह हिंदुओं को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

इस यात्रा में शहर के सन्त महात्माओं के साथ बड़ी संख्या में मंदिरों एवं संस्थाएं शामिल होंगी। 31 मार्च को होने वाली इस गदा यात्रा एवं हैदराबाद के विधायक टी राजा के आगमन को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक