राजगढ़ःबाइक चोरी के मामले में चार आरोपित गिरफ्तार,एक फरार
राजगढ़,19 अप्रैल(हि.स.)। ब्यावरा सिटी थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन चोरी की बाइकें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई जा रही है, जबकि एक आरोपित अभी फरार है।
थाना प्रभारी वीरेन्द्र धाकड़ ने रविवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल. बंजारे और एसडीओपी प्रकाश शर्मा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने घटनाओं की जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड का विश्लेषण किया। साथ ही मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर आरोपित भव्य पुत्र रामनिवास अहिरवार, अमन पुत्र बाबू खान, दीपक पुत्र लक्ष्मीनारायण अहिरवार और हेमंत विष्वकर्मा निवासी चचैड़ा जिला गुना को हिरासत में लिया, जबकि बिट्टू नामक आरोपित फरार है।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, धर्मशालाओं, मेडिकल स्टोर और होटलों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। मास्टर-की और लॉक तोड़ने के उपकरणों की मदद से वाहन चोरी कर उनकी नंबर प्लेट बदल देते थे और अन्य जिलों में बेच देते थे। कुछ वाहन खेतों या गोदामों में छिपाकर रखे जाते थे। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 1.50 लाख रुपए कीमती तीन बाइकें बरामद की है। कार्रवाई के दौरान थानाप्रभारी वीरेन्द्र धाकड़, एसआई धर्मेन्द्र षर्मा, प्रआर.प्रमोद चैरसिया, कुलदीप कुंभकार, वीरेन्द्र रावत, हेमंतसिंह, मनोज परिहार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें, डबल लॉक का उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक