“हाशिए से नेतृत्व तक” अभियान से महिलाओं को मिलेगा नेतृत्व का मंच : जीतू पटवारी
भाेपाल, 09 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार काे भाेपाल स्थित प्रदेश कार्यालय इंदिरा भवन में महिला सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत आयोजित “हाशिए से नेतृत्व तक- महिला नेतृत्व एवं राजनीतिक भागीदारी अभियान” कार्यक्रम में शामिल होकर अल्पसंख्यक समाज की महिलाओं से संवाद किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में स्थापित करने का एक व्यापक सामाजिक आंदोलन है। कांग्रेस पार्टी समाज के हर वर्ग की महिलाओं को सम्मान, समान अवसर और निर्णय प्रक्रिया में प्रभावी भागीदारी दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
जीतू पटवारी ने कहा कि “हाशिए से नेतृत्व तक” थीम पर आधारित यह अभियान प्रदेशभर में महिलाओं को राजनीति, सामाजिक नेतृत्व और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगा। प्रदेश स्तर पर गठित महिला नेतृत्व समूह गांव-गांव और शहर-शहर जाकर महिलाओं को कांग्रेस की विचारधारा, संवैधानिक मूल्यों और जनसरोकारों से जोड़ने का कार्य करेगा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होता है, जब महिलाओं की आवाज नीति निर्माण और निर्णय प्रक्रिया तक पहुंचे। कांग्रेस पार्टी चाहती है कि अल्पसंख्यक समाज की महिलाएं केवल सहभागी न बनें, बल्कि नेतृत्वकारी भूमिका निभाते हुए समाज और प्रदेश के भविष्य निर्माण में अपनी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करें।
पीसीसी चीफ पटवारी ने कहा कि “मेरी भागीदारी, मेरा नेतृत्व” केवल एक नारा नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, अधिकार और राजनीतिक सशक्तिकरण का सशक्त अभियान है। कांग्रेस पार्टी महिलाओं को सामाजिक न्याय, समान अवसर और नेतृत्व के प्रत्येक मंच पर आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में बौद्ध, सिख, ईसाई, जैन एवं मुस्लिम समुदाय की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महिला सशक्तिकरण, नेतृत्व निर्माण, राजनीतिक भागीदारी और सामाजिक चुनौतियों जैसे विषयों पर गंभीर चिंतन एवं विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम में यह भी स्पष्ट किया गया कि “Project M” का अर्थ केवल “महिला” नहीं, बल्कि “माइनॉरिटी” अर्थात अल्पसंख्यक समाज की महिलाओं को नेतृत्व और संगठन की मुख्यधारा से जोड़ने का व्यापक अभियान है। इसका उद्देश्य उन वर्गों तक पहुंच बनाना है, जिनकी राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी अब तक सीमित रही है। इस अवसर पर डॉ. संजय कामले, महेंद्र जोशी, आरिफा खान सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे