राजगढ़ः प्रभारी मंत्री ने किया 42 करोड़ के सांदीपनि स्कूल का लोकार्पण
राजगढ़, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में शुक्रवार को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने करीब 42 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय का लोकार्पण किया।
प्रभारी मंत्री का एनसीसी कैडेट्स और बैंड की धुनों के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। प्रभारी मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि इस विद्यालय में एलकेजी से कक्षा 12वीं तक करीब 1300 विद्यार्थी अध्ययन करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से पढ़ने वाले विद्यार्थी भविष्य में कलेक्टर, प्रशासनिक अधिकारी, वैज्ञानिक और चिकित्सक बनकर प्रदेश व देश का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है और ग्रामीण क्षेत्रों में भी आधुनिक सुविधाओं से युक्त उत्कृष्ट विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने कहा कि यह विद्यालय जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने अपने छात्र जीवन का उल्लेख करते हुए बताया कि वे स्वयं शासकीय विद्यालय के विद्यार्थी रहे हैं और आज कलेक्टर के रूप में सेवा दे रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण की अपील की।
विधायक मोहन शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आधुनिक विद्यालयों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने नरसिंहगढ़ को पर्यटन के क्षेत्र में विकसित करने तथा बड़े महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए भी सहयोग का आग्रह किया। भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर ने विद्यालय को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बताया।
कार्यक्रम में विभिन्न कक्षाओं और बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सेवानिवृत्त शिक्षक राजेश पालीवाल का सम्मान किया गया, जबकि मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूह को 22 लाख रुपए का चेक भी प्रदान किया गया।
प्रभारी मंत्री ने अनुकंपा नियुक्ति पाने वाले सात कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए तथा विद्यालय में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने विद्यार्थियों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन (सहभोज) किया और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई कर अपने परिवार, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने का संदेश दिया। समारोह में जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक