छिंदवाड़ा में दो अलग-अलग हादसों में चार किशोर डूबे, दो के शव मिले
भोपाल/छिंदवाड़ा, 28 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में बुधवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चार किशोरों के पानी में डूबने की घटना सामने आयी है। इन दोनों ही घटनाओं में अब तक राहत और बचाव दल को एक-एक किशोर का शव मिल गया है, जबकि लापता दो अन्य किशोरों की तलाश के लिए पुलिस, प्रशासन और गोताखोरों की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
जानकारी के अनुसार, पहला हादसा चौरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रसिद्ध बेलखेड़ा स्थित घोघरा वॉटरफॉल पर हुआ। यहां छिंदवाड़ा शहर के रहने वाले दो किशोर 14 वर्षीय गौरव डेहरिया और 17 वर्षीय विनायक गुप्ता, अपनी बहनों के साथ घूमने के लिए आए थे। चौरई पुलिस ने बताया कि दोनों किशोर वॉटरफॉल के तेज बहाव और पानी के पास मोबाइल पर रील बना रहे थे। रील बनाने के जुनून में उनका ध्यान नहीं रहा और पैर फिसलने के कारण वे अचानक गहरे पानी में चले गए। मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर चौरई पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। भारी मशक्कत के बाद बुधवार देर शाम को एक किशोर का शव पानी से बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश के लिए गुरुवार को भी अभियान जारी है।
दूसरा हादसा जुन्नारदेव थाना क्षेत्र की डूंगरिया पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोठीदेव में स्थित 11/12 नंबर ओपनकास्ट खदान के पास बने एक गहरे तालाब में हुआ। यहां 7-8 दोस्तों का एक ग्रुप अपने एक साथी का जन्मदिन मनाने के लिए पहुंचा था। पार्टी के दौरान ही कुछ युवक और किशोर तालाब के पानी में नहाने के लिए उतर गए। नहाते समय 16 और 17 वर्ष के दो किशोर पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाए और सीधे गहरे गड्ढे में समा गए।
हादसे की खबर मिलते ही जुन्नारदेव थाना प्रभारी जे. मसराम, उप थाना प्रभारी मुकेश डोंगरे और चौकी प्रभारी अंजना मरावी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। चूंकि तालाब काफी गहरा है और देखते ही देखते रात का अंधेरा घिर आया था, जिसके कारण बुधवार शाम को रेस्क्यू ऑपरेशन बीच में ही रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह होते ही गोताखोरों की टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जिसमें एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया है। वहीं, तालाब में लापता दूसरे किशोर की तलाश के लिए लगातार खोजबीन जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत