राजगढ़ः तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, पति-पत्नी समेत 4 घायल

 


राजगढ़, 19 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के तलेन थाना क्षेत्र में सारंगपुर रोड पर शुक्रवार शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक की भिड़ंत में पति-पत्नी समेत चार लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस से शुजालपुर अस्पताल भिजवाया।

पुलिस के अनुसार सारंगपुर-तलेन रोड पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक एमपी-09 एके-2600 ने सामने जा रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार इकलेरा निवासी हनीफ (42) पुत्र सलीम खान, उनकी पत्नी मुमताज (38) और रिश्तेदार आयशाबी (32)पत्नी आजाद खां घायल हो गईं। वहीं स्कॉर्पियो चालक कोड़ियाखेड़ी निवासी सूरज लववंशी (26) भी घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गया। हादसे के दौरान स्कॉर्पियो के एयरबैग खुल जाने से वाहन में सवार अन्य लोगों को गंभीर चोटें नहीं आईं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद शुजालपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में एक महिला के हाथ में गंभीर चोट आई है,जबकि अन्य घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। तलेन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या चालक की लापरवाही इसकी वजह रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक