राजगढ़ः रेलवे लाइन के काम से 421 गांवों में 12 दिन बंद रहेगी पेयजल सप्लाई
राजगढ़, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भोपाल-कोटा रेलवे लाइन के निर्माण कार्य के चलते मोहनपुरा समूह पेयजल योजना की मुख्य पाइपलाइन को शिफ्ट किया जाएगा। इसके चलते ब्यावरा, राजगढ़ और खिलचीपुर जनपद पंचायत क्षेत्र के 421 गांवों में करीब 12 दिन तक नलों से पानी नहीं आएगा।
मध्य प्रदेश जल निगम द्वारा इन गांवों में की जाने वाली पेयजल आपूर्ति 25 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक पूरी तरह बंद रहेगी। ऐसे में हजारों ग्रामीण परिवारों को पेयजल के लिए वैकल्पिक इंतजाम करने होंगे।
दरअसल, निर्माणाधीन भोपाल-कोटा रेलवे लाइन दो स्थानों पर मोहनपुरा समूह पेयजल योजना की मुख्य पाइपलाइन के रास्ते में आ रही है। रेलवे लाइन के निर्माण में बाधा न आए और भविष्य में पाइपलाइन से जुड़ी परेशानी नहीं हो, इसके लिए पाइपलाइन का पुनः संरेखण और स्थानांतरण किया जाना जरूरी है। इसके तहत ग्राम मंजरीखो के पास मुख्य रॉ वाटर पाइपलाइन (डीआई-600 मिमी), ग्रेविटी मेन पाइप (डीआई-200 मिमी) और डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन (एचडीपीई-110 मिमी) को शिफ्ट किया जाएगा। वहीं, ग्राम लालगढ़ के पास ग्रेविटी मेन पाइप (डीआई-400 मिमी) और पम्पिंग मेन पाइपलाइन (डीआई-250 मिमी) का स्थानांतरण किया जाएगा।
12 दिन तक पेयजल आपूर्ति बंद रहने से ग्रामीणों को परेशानी न हो, इसके लिए कलेक्टर एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अध्यक्ष डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देश जारी किए हैं। प्रभावित गांवों में हैंडपंप, नलकूप और अन्य वैकल्पिक जल स्रोतों का तत्काल संधारण कर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। जिला प्रशासन और मध्य प्रदेश जल निगम ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे 25 नवंबर से 6 दिसंबर तक पानी का मितव्ययिता से उपयोग करें और निर्माण कार्य में प्रशासन का सहयोग करें। 6 दिसंबर के बाद तकनीकी कार्य पूरा होने पर आपूर्ति बहाल की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक