अनूपपुर: चचाई पावर प्लांट ने रचा इतिहास, 600 दिनों से लगातार जारी बिजली उत्पादन

 




अनूपपुर, 25 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले स्थित अमरकंटक ताप विद्युत केंद्र चचाई ने बिजली उत्पादन के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है। यहां की 210 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट ने लगातार 600 दिनों तक बिना किसी रुकावट के बिजली उत्पादन कर कंपनी के इतिहास में अभूतपूर्व रिकॉर्ड दर्ज किया है। यह पहली बार है जब किसी जनरेटिंग यूनिट ने इतने लंबे समय तक निर्बाध संचालन बनाए रखा है।

प्लांट की यह ऐतिहासिक उपलब्धि 1 अक्टूबर 2024 से शुरू हुई निरंतर उत्पादन यात्रा का परिणाम है, जो अब तक सफलतापूर्वक जारी है। बिजली उत्पादन के दौरान यूनिट ने तकनीकी दक्षता और कार्यकुशलता के नए मानक स्थापित किए हैं।

प्लांट की परिचालन उपलब्धियों में प्लांट उपलब्धता कारक (PAF) 98.81 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि प्लांट लोड फैक्टर (PLF) 95.6 प्रतिशत के उच्च स्तर पर रहा। वहीं सहायक बिजली खपत (APC) केवल 9.28 प्रतिशत रही, जिसे ऊर्जा बचत और उत्कृष्ट संचालन क्षमता का संकेत माना जा रहा है।

ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञों के अनुसार, किसी थर्मल पावर यूनिट को इतनी लंबी अवधि तक बिना तकनीकी खराबी, ग्रिड ट्रिपिंग या फोर्स आउटेज के संचालित रखना बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य होता है। इस सफलता का श्रेय प्लांट की मजबूत प्रिवेंटिव मेंटेनेंस व्यवस्था, सतत डिजिटल निगरानी और ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस टीम की कुशल कार्यशैली को दिया जा रहा है।

मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम के समर्पण, अनुशासन और तकनीकी दक्षता का परिणाम है। उन्होंने इसे कंपनी के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताया।

इस रिकॉर्ड प्रदर्शन का सीधा लाभ प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को भी मिला है। यूनिट के लगातार चालू रहने से राज्य में निर्बाध और अपेक्षाकृत सस्ती बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिली है। साथ ही यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य बिजली उत्पादन केंद्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, अपर मुख्य सचिव ऊर्जा नीरज मंडलोई और मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने चचाई प्लांट की पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके कार्य की सराहना की है। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि अमरकंटक ताप विद्युत केंद्र भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला