मुरैना में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 182 किलो पनीर, 40 किलो मावा और 45 किलो घी जब्त
मुरैना, 13 अगस्त (हि.स.)। उपभोक्ताओं को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और नमूना जांच की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के अम्बाह और जौरा तहसील में विभागीय टीमों ने तीन डेयरियों पर कार्रवाई करते हुए कुल 182 किलो पनीर, 40 किलो मावा और 45 किलो घी जब्त किया। सभी खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।
अम्बाह तहसील के ग्राम चक्रपाण का पुरा दांडोली स्थित केशव बघेल की डेयरी का खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल प्रताप सिंह परिहार ने निरीक्षण किया। यहां मावा और घी का निर्माण किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान दोनों खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वरूप को लेकर संदेह होने पर टीम ने 40 किलो मावा और 45 किलो घी जब्त किया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 45,500 रुपये बताई गई है। टीम ने मौके से मावा और घी के नमूने लेकर उन्हें खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
इसी तरह जौरा तहसील में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों दिनेश सिंह निम और महेंद्र सिंह सिरोहिया ने दो प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। टीम ने दिव्यांश ट्रेडिंग कंपनी से 103 किलो पनीर, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 36,050 रुपये है, जबकि जय बजरंग डेयरी से 79 किलो पनीर, जिसकी कीमत करीब 25,280 रुपये बताई गई है, जब्त किया। दोनों प्रतिष्ठानों से पनीर के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं।
प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद तय होगी गुणवत्ता
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने से पहले जब्त पनीर को एनालॉग पनीर घोषित नहीं किया गया है। खाद्य पदार्थों की वास्तविक संरचना और गुणवत्ता का अंतिम निर्धारण प्रयोगशाला परीक्षण के परिणामों के आधार पर ही किया जाएगा।
विभाग के अनुसार, यदि जांच रिपोर्ट में नमूने खाद्य सुरक्षा एवं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं या पनीर अथवा मावा के स्थान पर अन्य वसा या वनस्पति वसा आधारित उत्पाद के इस्तेमाल की पुष्टि होती है, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा लागू नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए जिले में निरीक्षण एवं नमूना जांच की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा